मुख्यपृष्ठसमाचारमानखुर्द-गोवंडी रूट पर शेयरिंग रिक्शा चालकों की मनमानी – नशे में तेज...

मानखुर्द-गोवंडी रूट पर शेयरिंग रिक्शा चालकों की मनमानी – नशे में तेज रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस बनी तमाशाई

सगीर अंसारी / मुंबई
मानखुर्द, गोवंडी और शिवाजी नगर के बीच चलने वाली शेयरिंग रिक्शाओं की मनमानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। हरी मस्जिद से गोवंडी स्टेशन, बैगनवाड़ी रिक्शा स्टैंड से गोवंडी स्टेशन, शिवाजी नगर म्हाडा कॉलोनी से गोवंडी स्टेशन, शिवाजी नगर से मांडला और डम्पिंग सिग्नल से मानखुर्द स्टेशन, रफीक नगर से गोवंडी स्टेशन तक इन रिक्शाओं का जाल फैला हुआ है।

इनमें से ज़्यादातर रिक्शा चालकों के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और न ही गाड़ी के कागज़ात। इसके बावजूद ये सड़कों पर खुलेआम नियमों को ठेंगा दिखाते हुए, एक रिक्शा में 5 से 6 सवारियों को ठूंस कर बैठाते हैं और तेज़ रफ्तार में वाहन चलाते हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है।

चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कई चालक नशे की हालत में रिक्शा चलाते हैं, जिससे उनकी खुद की और यात्रियों की जान खतरे में पड़ती है। इतना ही नहीं, कायदे-कानून का पालन करने वाले ईमानदार रिक्शा चालक भी इन मनमौजी और गैरकानूनी चालकों के कारण परेशान हैं, क्योंकि इससे उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।

इन सबके बावजूद मानखुर्द यातायात पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। जनता ने मांग की है कि ट्रैफिक विभाग तात्काल कार्रवाई करे और इन अवैध और नशे में धुत चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

अन्य समाचार