-पत्नी को बचाने पति ने गवां दी अपनी जान
-सतना की घटना ने सभी को रुला दिया
देशभर में जहां एक ओर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े हो रहे हैं, यहां तक कि दोनों एक-दूसरे के खून के प्यासे हो जाते हैं वहीं मध्य प्रदेश के सतना के मामले ने सभी को रूला दिया। यहां के पति ने शादी के सारे वचन निभाते हुए हर हाल में अपनी पत्नी की जान बचाई लेकिन अफसोस वो अपनी जिंदगी हार बैठा। सतना में एक महिला तालाब में नहाने के दौरान डूबने लगी। पति ने देखा तो उसने भी तालाब में छलांग लगा दी। पत्नी को तो पति ने बचा लिया। मगर उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। यह देख पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
मामला सतना जिले के ऊंचेहरा का है। यहां परसमनिया निवासी राज बहादुर सिंह गोंड अपने परिवार के साथ घर के पास तालाब में नहाने गया था। यह परिवार हाल ही में अपने एक बच्चे को खो चुका था और उसी की पारंपरिक रस्म को निभाने के लिए तालाब में स्नान कर रहा था लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था। राज बहादुर की पत्नी अंजू स्नान के दौरान अचानक फिसलकर गहरे पानी में गिर गई। अंजू को डूबता देख राज बहादुर ने एक पल की भी देर नहीं की। बिना अपनी जान की परवाह किए उसने भी तालाब में छलांग लगा दी। उसने पूरी ताकत और हिम्मत से पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन इस दौरान वह खुद गहराई में फंस गया और डूब गया। जब तक गांव वाले कुछ समझ पाते उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिनों पहले ही हुई थी बेटे की मौत
पति की मौत से पत्नी अंजू सदमे में है। पहले ही एक बच्चे को खो चुकी है। ऊपर से अब जीवसाथी की भी इस तरह मौत हो गई। गांव वाले भी राज की मौत से दुखी हैं। गांव वालों का कहना है कि राज एक नेक इंसान था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि मौत उसे इस तरह खींचकर ले जाएगी।
