कहते हैं प्रेम और जंग में सब कुछ जायज होता है। ‘लाफ्टर शेफ्स’ में पति विकी जैन के साथ नजर आनेवाली अंकिता लोखंडे भले ही कई बार विकी से लड़ते-झगड़ते नजर आती हों, लेकिन वो उन्हें दिल से चाहती हैं, जिसका सबूत उन्होंने एक बातचीत में दिया है। करवा चौथ के मौके पर विकी से फास्ट करवानेवाली अंकिता ने बातचीत में अपनी चाहत का खुलासा करते हुए कहा कि वो अपने पति विकी को इतना प्यार करती हैं कि वो उन्हें अपना जूठा पानी पिलाती हैं, जिसमें तुलसी का एक पत्ता भी शामिल होता है। अंकिता का मानना है कि यह तुलसी का पत्ता विकी के लिए न केवल फायदेमंद है, बल्कि अपने इस टोटके के पीछे के वैज्ञानिक कारणों का खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे विकी की कड़वी जुबान ठीक हो जाएगी और वो उनसे बेहतरीन तरीके से बात करेंगे। विकी की कड़वी जुबान पर मिठास लाने के लिए उन्हें अपना जूठा पानी पिलानेवाली अंकिता के इस प्यार को देखते हुए बस इतना ही कहना पड़ेगा कि ऐसा प्यार कहां!
