मुख्यपृष्ठनए समाचारहिंदुस्थान पर २५ प्रतिशत से ज्यादा टैरिफ लगाएंगे ... नए टैक्स को...

हिंदुस्थान पर २५ प्रतिशत से ज्यादा टैरिफ लगाएंगे … नए टैक्स को लेकर ट्रंप ने फिर भरी हुंकार

एजेंसी / वॉशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ बढ़ाने को लेकर बड़ी घोषणा की है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा है कि वो अगले २४ घंटे में भारत पर भारी टैरिफ बढ़ाने जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि मैं अगले २४ घंटों में भारत के टैरिफ में भारी बढ़ोतरी करने जा रहा हूं।
इस एलान से पहले ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि भारत भारी मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है और उसे बेचकर मुनाफा भी कमा रहा है। उन्होंने कहा था कि रूस के साथ व्यापार को लेकर वो भारत पर टैरिफ बढ़ाएंगे। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक संदेश में कहा था कि भारत न केवल रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीद रहा है, बल्कि खरीदे गए इस तेल का एक बड़ा हिस्सा बाजार में बेचकर भारी मुनाफा भी कमा रहा है। भारत को परवाह नहीं है कि रूस की युद्ध मशीनरी से यूक्रेन में कितने लोग मारे जा रहे हैं इसलिए मैं भारत पर टैरिफ बढ़ाने जा रहा हूं।

२४ घंटे में टैरिफ बढ़ाने की धमकी
भारत को लेकर ट्रंप बोले हैं कि वह रूस से सस्ता तेल खरीदकर उसकी युद्ध मशीन को ईंधन दे रहा है। उन्होंने कहा, ‘वे (भारत) युद्ध मशीन को ईंधन दे रहे हैं। अगर वे ऐसा करेंगे तो मुझे खुशी नहीं होगी। भारत के टैक्स बहुत ज्यादा हैं। हम अगले २४ घंटों में इसे २५ प्रतिशत से भी ज्यादा बढ़ा देंगे।

अमेरिकी टैरिफ से भारतीय निर्यात घटने की आशंका
आईटी सर्विस जैसे सेक्टरों को होगा भारी नुकसान

ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) के अजय श्रीवास्तव का कहना है कि अमेरिका को भारत का एक्सपोर्ट इस वित्तीय वर्ष में ३० प्रतिशत तक गिर सकता है। इसके ८६.५ अरब डॉलर से घटकर ६०.६ अरब डॉलर रह जाने के आसार हैं। श्रीवास्तव ने कहा, ‘अगर ये टैक्स लागू होते हैं तो भारत को टेक्सटाइल, फार्मा और आईटी सर्विस जैसे सेक्टरों में भारी नुकसान होगा।’
अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक जॉन मियरशीमर ने ट्रंप की नीतियों पर चेतावनी दी है। उन्‍होंने कहा है कि ट्रंप की व्यापार नीतियों का उल्टा असर हो सकता है। जापान और दक्षिण कोरिया पर टैक्स लगाने का जिक्र करते हुए मियरशीमर ने कहा कि इससे अमेरिका के ये दोनों करीबी सहयोगी चीन के साथ जा सकते हैं। पॉलिटिकल साइंटिस्‍ट के अनुसार, जापान और दक्षिण कोरिया की चीन से नजदीकी अमेरिका को कमजोर करेगी। दरअसल, जापान और दक्षिण कोरिया भी अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों से खुश नहीं हैं। एक राजनयिक सूत्र ने बताया कि जापान और दक्षिण कोरिया को ऐसे सौदों के लिए मजबूर किया गया। इससे अमेरिका को फायदा हो रहा है और उन्हें नुकसान। ट्रंप की धमकी को भारत ने ‘अनुचित और तर्कहीन’ बताया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर ट्रंप की टिप्पणी के संबंध में अमेरिका की आलोचना की।

अन्य समाचार