सामना संवाददाता / नई दिल्ली
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे आज से ३ दिवसीय दिल्ली दौरे पर होंगे। दिल्ली में पहले से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और ऐसे समय में उद्धव ठाकरे का दिल्ली में होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में खास निगाहें लगी हुई हैं।
उद्धव ठाकरे बुधवार को राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। शाम को उद्धव ठाकरे के मार्गदर्शन में शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत के १५ सफदरजंग लेन स्थित निवास पर शिवसेना के सभी सांसदों की बैठक होगी। इस अवसर पर स्नेह भोजन का भी आयोजन किया गया है। गुरुवार ७ अगस्त को उद्धव ठाकरे सुबह १५ सफदरजंग लेन पर ही सांसद राऊत के निवास स्थान पर पत्रकारों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे संसद भवन स्थित शिवसेना के नए संसदीय कार्यालय का दौरा करेंगे। इसके बाद वे इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित बैठक और स्नेह भोजन में भाग लेंगे। शुक्रवार को उद्धव ठाकरे मुंबई के लिए रवाना होंगे। उद्धव ठाकरे ने कहा था कि बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए इंडिया गठबंधन की बैठकें नियमित रूप से होनी चाहिए। उसी के अनुसार यह बैठक आयोजित की जा रही है। जब नरेंद्र मोदी सरकार कई मुद्दों को लेकर दबाव में है, ऐसे समय में यह बैठक विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
