हिमांशु राज़
पपराज़ी एंटरटेनमेंट का नया म्यूज़िक वीडियो “प्यार दोबारा किया ही नहीं” रिलीज़ हो चुका है, जिसमें अनुज सक्सेना लीड रोल में नज़र आ रहे हैं। यह गाना दिल तोड़ने वाले धोखे के दर्द को बयां करता है और उन सभी लोगों से जुड़ता है जिन्होंने कभी एकतरफा प्यार या विश्वासघात का दर्द झेला है।
अनुज सक्सेना, जो कि टेलीविज़न की सुपरहिट शोज़ “कुसुम” और “कुमकुम” से मशहूर हुए थे, इस म्यूज़िक वीडियो में पूरी तरह एक नए रूप में नज़र आते हैं। जहाँ लोग उन्हें आमतौर पर शांत और प्रभावशाली भूमिकाओं के लिए याद करते हैं, वहीं इस वीडियो में वे एक टूटे हुए दिल वाले आशिक की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से परदे पर ला रहे हैं—वो भी बिना किसी संवाद के। वीडियो में उपयोग की गई सौम्य लाइटिंग और धीमी गति की सीक्वेंस इसे एक सिनेमैटिक एहसास देती हैं। हर एक फ्रेम में एक ऐसे इंसान की तड़प दिखाई देती है जिसे पता है कि उसका प्यार अब कभी लौटकर नहीं आएगा। पपराज़ी एंटरटेनमेंट ने एक बार फिर अपने शानदार विजुअल्स के ज़रिए दर्शकों को फील करवा दिया कि अनुज का किरदार किस गहराई में डूबा हुआ है।
“प्यार दोबारा किया ही नहीं” सिर्फ एक साधारण म्यूज़िक वीडियो नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर है—एक ऐसा हार्टब्रेक एंथम जो गाना खत्म होने के बाद भी दिल में गूंजता रहता है।
