रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बोरीवली-पश्चिम स्थित कोरा केंद्र के गांव देवी सरोवर पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सानिध्य में 9 अगस्त शनिवार को श्रावणी उपाकर्म का आयोजन किया गया है। अखिल भारतीय आध्यात्मिक उत्थान मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य यजमान स्थानीय विधायक संजय उपाध्याय को बनाया गया है।
श्री विद्या पंचांग के मुख्याधिष्ठाता डा. आचार्य महेंद्र जोशी के मार्गदर्शन में परमहंसी गंगा आश्रम पीठ के पंडित राजेन्द्र शास्त्री द्वारा श्रावणी उपाकर्म विधि विधान से संपन्न कराया जाएगा। शनिवार की सुबह साढ़े 7 बजे हेमाद्रि संकल्प, प्रायश्चित संकल्प, स्नान संध्या, उप स्थान, ऋषि तर्पण आदि विधि विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
इसी तरह प्रातः साढ़े 9 बजे श्री महा गणपति, वरुण, मातृका, नवग्रह, यज्ञोपवीत, ऋषि पूजन, रक्षा विधान, वेदाध्ययन, ऋषिवंश परंपरा वाचन, सत्यनारायण कथा, महा आरती, पुष्पांजलि, नैवेद्य वितरण एवं द्विज सम्मान का आयोजन किया गया है। अखिल भारतीय आध्यात्मिक उत्थान मंडल के अध्यक्ष ब्रह्मलीन आचार्य नटवरलाल जोशी की स्मृति में आयोजित श्रावणी उपाकर्म विधि अवसर पर सभी सनातनी सादर आमंत्रित हैं।
