मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिहिंडोला महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

हिंडोला महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

रवीन्द्र मिश्रा | मुंबई

मुंबई के महालक्ष्मी क्षेत्र स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर में इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जैसे-जैसे श्रावण पूर्णिमा निकट आ रही है, वैसे-वैसे मंदिर में आयोजित हिंडोला महोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

तुलसीदास गोपाल जी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं धाकलेश्वर महादेव मंदिर के प्रबंधक दत्ता कोठवले से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पावन महोत्सव 11 जुलाई से प्रारंभ हुआ है। इस दौरान श्रद्धालु भगवान रणछोड़दास (द्वारकाधीश) के लिए विविध प्रकार के आकर्षक हिंडोले तैयार कर उन्हें झूला झुला रहे हैं।

अब तक मंदिर में सोना, चांदी, मोर पंख, गन्ना, फल, फूल, नारियल, मेवा, मिठाई, सुपारी, इलायची, केसरी घटा, पंचरंगी जरी, संतरा, कौड़ी, रजत मुद्रा, लहरिया और पवित्रा जैसे विशेष और पारंपरिक सामग्रियों से बने हिंडोले प्रस्तुत किए जा चुके हैं।

कल का मुख्य आकर्षण तुलसी से बना झूला रहा, जिसे देखने और द्वारकाधीश को झूला झुलाने के लिए भारी संख्या में भक्तों ने उपस्थिति दर्ज कराई। तुलसी (वृंदा) भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय मानी जाती हैं, इसी कारण यह झूला विशेष श्रद्धा का केंद्र रहा। महोत्सव प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार बीते दिनों की अपेक्षा कल श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।

महोत्सव की आगामी विशेष झलकियों में — 8 अगस्त को बिस्किट से बना हिंडोला, 9 अगस्त को राखियों से सजा हिंडोला,
और 10 अगस्त को “हिंडोला विजय” मनाकर इस भक्ति पर्व का विधिवत समापन किया जाएगा। हिंडोला महोत्सव न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को समर्पित है, बल्कि यह सांस्कृतिक रचनात्मकता और धार्मिक परंपराओं का जीवंत उदाहरण भी बन गया है।

अन्य समाचार