राधेश्याम सिंह
विरार। बहुजन विकास आघाड़ी के संगठक-सचिव अजीव पाटिल और पूर्व सभापति पंकज ठाकुर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने वसई-विरार महानगरपालिका के नवनियुक्त आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी से औपचारिक भेंट की। इस दौरान शहर में यातायात जाम, सड़क मरम्मत, जलापूर्ति, तालाबों और उद्यानों के सौंदर्यीकरण तथा प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। सबसे पहले आयुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया ।पिछले कुछ समय से विरार पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाले पुल के पास भारी ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। आगामी त्योहारों के दौरान यह समस्या और गंभीर हो सकती है। लगातार होने वाली इस परेशानी से वाहन चालकों को मानसिक तनाव के साथ-साथ समय और ईंधन की भी बर्बादी झेलनी पड़ती है। शिष्टमंडल ने इस मुद्दे के समाधान के लिए जरूरी उपाय करने की मांग की।
दहीहंडी और गणेशोत्सव से पहले शहर की जर्जर सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए तात्कालिक ‘पैचवर्क’ करवाने की सलाह दी गई। साथ ही, एमएमआरडीए की सूर्या जलापूर्ति योजना के तहत महानगरपालिका को 185 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिल रहा है, फिर भी जिन इमारतों को पानी की आवश्यकता है, उन्हें नल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। इस ओर आयुक्त का ध्यान आकर्षित करते हुए लंबित जलकुंभ कार्यों को तुरंत पूर्ण करने की मांग रखी गई। शहर की कचरा समस्या से निजात पाने के लिए हाउसिंग सोसायटियों को डस्टबिन वितरित करने, और सभी झीलों की गाद निकालकर उनकी सफाई व रंगाई-पुताई करने की सिफारिश की गई, शिष्टमंडल ने बताया कि इससे पहले 8 और 28 अप्रैल 2025 को भी तत्कालीन आयुक्त से मुलाकात कर कई मुद्दों जैसे पानी की आपूर्ति, नाले की सफाई, अवैध फेरीवालों की समस्या, फुटपाथ, डीपी रोड और ट्रैफिक जाम को लेकर सुझाव दिए गए थे। इन मुद्दों पर तत्कालीन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे, लेकिन अधिकांश कार्यों में अब तक कोई विशेष प्रगति नहीं हुई है।
अतः इन कार्यों को प्राथमिकता देकर जल्द से जल्द पूर्ण करने की मांग फिर दोहराई गई।11 अप्रैल को बहुजन विकास आघाड़ी के शिष्टमंडल ने विरार पश्चिम के चिखलडोंगरी-म्हारंबळपाडा क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण में लिए गए निर्णयों की समीक्षा भी 28 अप्रैल को की गई थी। अब इन कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की गई।शिष्टमंडल की सभी मांगों और सुझावों पर नवनियुक्त आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी ने सकारात्मक रुख दिखाया है, यह जानकारी अजीव पाटिल और पंकज ठाकुर ने दी।इस शिष्टमंडल का मार्गदर्शन बहुजन विकास आघाड़ी के अध्यक्ष एवं विधायक हितेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर और पहले महापौर राजीव पाटिल द्वारा किया गया। शिष्टमंडल में पूर्व स्थायी समिति सभापति प्रशांत राऊत, सखाराम महाडिक, पूर्व नगरसेवक रंजन पाटिल, प्रभाग समितियों ‘अ’, ‘ब’ और ‘सी’ के पूर्व नगरसेवक-नगरसेविकाएं और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
