मुख्यपृष्ठनए समाचारघोडबंदर रोड के गड्ढों में हिचकोले खा रहे वाहन चालक! ...आधे घंटे...

घोडबंदर रोड के गड्ढों में हिचकोले खा रहे वाहन चालक! …आधे घंटे का सफर तय करने में लग रहे तीन घंटे

सामना संवाददाता / मुंबई
घोडबंदर रोड की हालत लगातार बिगड़तीे जा रही है। इस रोड पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, जिस वजह से आधे घंटे का सफर तय करने में दो से तीन घंटे लग रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क बनाई गई है। हर वर्ष मानसून में इस रोड की हालत जर्जर हो जाती है, जो वाहन चालकों का सिरदर्द बन जाता है। सोशल मीडिया पर इस रोड के खस्ता होने के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। लोग डीसीएम शिंदे से पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक घोडबंदर रोड को सुधारा जाएगा?
ठाणे के कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्णनाथ पांचाल ने संबंधित एजेंसियों को घोडबंदर रोड की मरम्मत के लिए १५ दिन की समयसीमा निर्धारित की है। यह मार्ग जिले के सबसे अधिक भीड़भाड़ और जर्जर हिस्सों में से एक है। जनता के सवालों से घिरे हुए डीसीएम शिंदे ने खराब सड़कों की कड़ी आलोचना का ढोंग किया। उन्होंने बताया कि खराब सड़कें, हाईवे और प्रमुख सड़कों पर गंभीर ट्रैफिक जाम का कारण बन रही हैं। इसके जवाब में डॉ. पांचाल ने सोमवार देर रात घोडबंदर रोड के गायमुख घाट सेक्शन का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसियों को ट्रैफिक की स्थिति में सुधार के लिए तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्रीय परिवहन विभाग, मीरा-भायंदर और ठाणे ट्रैफिक पुलिस तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक फॉलो-अप बैठक आयोजित की गई, जिसमें विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। रणनीति के तहत घाट सेक्शन को शुक्रवार से आंशिक रूप से बंद किया जाएगा, ताकि मरम्मत कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा सके।

१५ दिनों में मरम्मत
-डॉ. पांचाल ने अधिकारियों से कहा कि मरम्मत कार्य १५ दिनों के भीतर पूरा किया जाना चाहिए, जिसमें मानसून की चुनौतियों, भारी वाहन यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों का ध्यान रखा जाए।
-मरम्मत कार्य के दौरान सुचारु क्रियान्वयन और वाहन चालकों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए मीरा-भायंदर और ठाणे महानगरपालिका, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की एक संयुक्त समन्वय टीम बनाई जाएगी, जो समय पर जानकारी और कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
-वहीं लोगों ने महायुति सरकार का जमकर घेराव किया है। लोगों ने पूछा कि अगर गणपति के दौरान लोग गड्ढे करें तो उनसे जुर्माना वसूला जाता है, जबकि सड़कों पर इतने गड्ढे मौजूद हैं कि जिससे वाहनों का एक्सीडेंट व जान जाने का खतरा बना रहता है। इसके लिए सरकार किस पर जुर्माना लगाएगी?

अन्य समाचार