-मुंबई पुलिस की कार्रवाई में हुआ सनसनीखेज खुलासा
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में ऐसे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है, जिसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया। पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाली एक बांग्लादेशी नागरिक ने जेंडर परिवर्तन कर नई पहचान बनाई और कथित तौर पर मुंबई में एमडी ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुशी खान के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि वह मूल रूप से बांग्लादेश की नागरिक है और अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद जेंडर परिवर्तन कर नई पहचान के साथ रहने लगी। जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड और बैंक खाते भी बनवाए थे। पुलिस के मुताबिक, तुशी खान पिछले करीब दो वर्षों से मुंबई में एमडी ड्रग्स के कारोबार से जुड़ी हुई थी। आरोप है कि उसने किन्नर समुदाय के कुछ लोगों को अपने नेटवर्क से जोड़कर नशे की सप्लाई का संगठित तंत्र तैयार किया था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह में २५ से अधिक लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हाल ही में मिली गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने उपनगरीय क्षेत्र में जाल बिछाकर तुशी खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई मुंबई में सक्रिय नारकोटिक्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।
२१ किन्नरों पर कार्रवाई
फरवरी २०२६ के पहले सप्ताह में वर्सोवा पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एक अभियान चलाया था। उस कार्रवाई में २५ लोगों को पकड़ा गया था, जिनमें २१ किन्नर शामिल थे। पुलिस के अनुसार, सभी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें वापस भेज दिया गया था, लेकिन तुशी खान उस समय फरार होने में सफल रही थी।
