– छवि धूमिल करने की साजिश का आरोप
– रिलीज और प्रचार पर रोक की मांग लेकर दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे अभिनेता सलमान खान
जेदवी / मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपनी छवि, प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अभिनेता ने फिल्म ‘काला हिरण : बैटल फॉर लेगेसी’ के निर्माण, प्रचार-प्रसार और रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए अदालत में याचिका दायर की है। इस कदम से फिल्म जगत में नई कानूनी बहस छिड़ गई है। सलमान खान का आरोप है कि फिल्म में उनकी अनुमति के बिना उनके जीवन, सार्वजनिक छवि और चर्चित घटनाओं से जुड़े पहलुओं का उपयोग किया गया है। उनका कहना है कि इससे न केवल उनके व्यक्तित्व, अधिकारों का उल्लंघन होता है, बल्कि उनकी वर्षों से बनी प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म में ऐसे संदर्भ, घटनाएं और पात्र दिखाए गए हैं, जो सीधे तौर पर उनकी ओर संकेत करते हैं और दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
कुछ प्रसंगों को लेकर जताई गई है आशंका
अभिनेता पक्ष का तर्क है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान, छवि और सार्वजनिक व्यक्तित्व का व्यावसायिक उपयोग उसकी सहमति के बिना नहीं किया जा सकता। फिल्म में दिखाए गए कुछ प्रसंगों को लेकर यह आशंका जताई गई है कि दर्शक उन्हें सलमान खान के वास्तविक जीवन से जोड़कर देख सकते हैं, जिससे उनकी छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म की कहानी वर्ष १९९८ के बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। सलमान खान का कहना है कि फिल्म में उनकी पहचान से मेल खाते संकेतों और घटनाक्रमों का इस्तेमाल किया गया है, जबकि इसके लिए उनकी कोई अनुमति नहीं ली गई।
जानकारी के मुताबिक, विवाद बढ़ने से पहले फिल्म निर्माता को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था। हालांकि, मामले का समाधान नहीं निकल सका और अंतत: अभिनेता को अदालत का रुख करना पड़ा। अब इस बहुचर्चित मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले पर फिल्म उद्योग, कानूनी विशेषज्ञों और सलमान खान के प्रशंसकों की निगाहें टिकी हुई हैं। अदालत का निर्णय फिल्म की रिलीज और आगे की रणनीति तय करने में अहम साबित हो सकता है।
