मुख्यपृष्ठनए समाचारश्रावस्ती में सौतेली मां का सितम ... रोटी मांगने पर मासूम को...

श्रावस्ती में सौतेली मां का सितम … रोटी मांगने पर मासूम को दी मौत!

चिमटे और बेलन से पीट-पीटकर कर दी हत्या
कहते हैं भगवान हर जगह नहीं हो सकते इसलिए उसने मां बनाई है। इस दुनिया में मां जैसा प्यार शायद ही कोई दे सकता है। लेकिन पिछले कई दिनों से देशभर से माता की क्रूरता की खबरें चर्चा में रही हैं, जहां एक मां ने अपनी ही औलाद को मौत के घाट उतारा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक सौतेली मां ने तो हद ही पार कर दी। यहां एक सौतेली मां से ८ साल के मासूम को खाना मांगना ही गुनाह बन गया। सौतेली मां उस वक्त रोटी बना रही थी और उस बेरहम मां ने पहले तो मासूम को चिमटे से जला दिया फिर बेलन से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। मासूम की मौत के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। सौतेली मां को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला यूपी के श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न डिगुरा जोत थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव का है। यहां पर राजकुमार की पत्नी और ८ साल का बेटा दीपक रहता था। राजकुमार खुद मुंबई में मजदूरी का काम करता है। काम के सिलसिले में वह घर से बाहर रहता है। बताया जा रहा है कि ८ साल का दीपक अपनी मां के पास गया और उसने खाने के लिए रोटी मांगी। सौतेली मां उस वक्त रोटी बना रही थी। दीपक ने जब तेज भूख लगने की बात कही तो महिला भड़क उठी। उसने चिमटे से पहले मासूम को जलाया और बेलन से लगातार पीटती रही। महिला ने तब तक दीपक को पीटा जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। मौत के बाद गांववाले इकट्ठा हो गए। उन्होंने जब दीपक को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। गांववालों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम को बुलाया और सभी सबूत इकट्ठा किए।

अन्य समाचार