मुख्यपृष्ठअपराधबीएचयू में देर रात छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत...पथराव व तोड़फोड़...3...

बीएचयू में देर रात छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत…पथराव व तोड़फोड़…3 छात्र घायल

उमेश गुप्ता / वाराणसी

बीएचयू का कैंपस रविवार रात जंग का मैदान बन गया। देर रात बैरियर से निकलने को लेकर IIT-BHU और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे IIT के कुछ छात्र बैरियर पार कर अपने कैंपस की ओर लौट रहे थे। बिरला हॉस्टल के कुछ छात्रों ने उन्हें रोका और पूछताछ शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ी कि मारपीट और पत्थरबाजी तक की नौबत आ गई। बिरला हॉस्टल के बाहर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। झड़प में IIT के तीन छात्र घायल हो गए। मौके पर पहुंची प्रॉक्टोरियल बोर्ड और पुलिस टीम ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। लेकिन घटना से गुस्साए IIT के छात्र देर रात डायरेक्टर ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। घटना के बाद IIT छात्रों ने डायरेक्टर प्रो. अमित पात्रा से मुलाकात कर तीन प्रमुख मांगें रखीं कि
-कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
-घायल छात्रों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
-हमले में शामिल छात्रों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस पर डायरेक्टर ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। दरअसल, पिछले साल IIT-BHU की एक छात्रा के साथ हुई गैंगरेप की घटना के बाद से कैंपस में सुरक्षा के मद्देनजर रात 10 बजे के बाद कई बैरियर लगा दिए गए हैं। इन रास्तों से न तो छात्र और न ही बाहरी व्यक्ति बिना अनुमति के गुजर सकते हैं।
कैंपस के कई छात्र इन बैरियरों का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे कैंपस के भीतर आने-जाने में दिक्कत होती है। रविवार रात की झड़प भी इन्हीं बैरियरों को लेकर शुरू हुई थी। इस पूरे मामले में भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी रात मौके पर मौजूद रही। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार