अनिल मिश्र / पटना
आज बिहार प्रदेश की राजधानी पटना विपक्षी महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) के नेताओं की महाजुटान का गवाह बना। वोटर अधिकार यात्रा के अंतिम दिन समापन समारोह में देशभर से विपक्षी दलों के बड़े नेता इसमें शामिल हुए। वहीं बिहार प्रदेश से बंटकर अलग हुए झारखंड प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। यह उनके पिता व झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद का पहला बड़ा सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम था।
वोटर अधिकार यात्रा के समापन समारोह के बाद झारखंड प्रदेश के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख हेमंत सोरेन 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव तथा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस दौरान पिछले लोकसभा चुनाव और बिहार प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार और झारखंड में महागठबंधन की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।इस बीच हेमंत सोरेन ने कहा कि मेरे पिता ने हमेशा गरीब, मजदूर और वंचितों की आवाज बुलंद की। हम उसी राह पर चलकर लोकतंत्र की रक्षा करेंगे।
