पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जो लोगों के दिलों को छू रहा है। भारी बारिश के चलते जहां पंजाब के करीब १२ जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं, वहीं वायरल हो रहे वीडियो में एक बाढ़ पीड़ित परिवार ने कुछ ऐसा किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसमें अपना सब कुछ गंवाने के बावजूद एक परिवार वॉलंटियर्स को चाय पिलाते हुए नजर आ रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए हरभजन सिंह ने लिखा, ‘जब स्वयंसेवक राहत सामग्री देने गए तो बाढ़ प्रभावित परिवार ने लगभग सब कुछ खोने के बावजूद चाय बनाई और बदले में स्वयंसेवकों को पिलाई। यही पंजाब की भावना है। रब दे बंदे।’ हरभजन सिंह के अलावा टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए अपना दुख प्रकट करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मेरे पंजाब को बाढ़ से तबाह देखकर दिल टूट गया। पंजाब हमेशा किसी भी मुश्किल में मजबूत रहेगा। हम इससे उबर जाएंगे। मेरी प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मैं अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़ा हूं।’
