मुख्यपृष्ठनए समाचारकांग्रेस नेता पहुंचे ‘मातोश्री'...उद्धव ठाकरे से मिलकर की स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के...

कांग्रेस नेता पहुंचे ‘मातोश्री’…उद्धव ठाकरे से मिलकर की स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों पर चर्चा

-नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर भी हुआ मंथन

सामना संवाददाता / मुंबई

कांग्रेस नेताओं ने कल ‘मातोश्री’ निवास पर जाकर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस बैठक में आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों पर लंबी चर्चा हुई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर भी मंथन किया गया।
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मंत्री विजय वडेट्टीवार और अमीन पटेल ने कल दोपहर ‘मातोश्री’ जाकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। राज्य में स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव होनेवाले हैं। इसी पृष्ठभूमि में महाविकास आघाड़ी जोरदार तैयारी कर रही है। इसी संदर्भ में कांग्रेस नेताओं ने उद्धव ठाकरे से विस्तृत बातचीत की। चुनावों का सामना करते हुए विधानमंडल के दोनों सदनों में खाली पड़े नेता प्रतिपक्ष के पदों को भी भरे जाने पर चर्चा हुई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद के लिए शिवसेना पहले ही अध्यक्ष के पास दावा कर चुकी है, वहीं विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे की विधायक अवधि ३१ अगस्त को समाप्त हो गई, जिससे यह पद रिक्त हो गया। बताया जा रहा है कि विधान परिषद में महाविकास आघाड़ी के विपक्षी दलों में कांग्रेस सदस्यों की संख्या सबसे ज्यादा होने से इस बार नेता प्रतिपक्ष पद कांग्रेस को मिलना चाहिए। इस तरह का आग्रह कांग्रेस नेताओं ने उद्धव ठाकरे से किया।
बालासाहेब थोरात ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए इस संदर्भ में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘मातोश्री’ की बैठक का विवरण पार्टी नेतृत्व को बताया जाएगा।

 

अन्य समाचार

इन दिनों