-बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को दिया अंजाम
राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर नैनी क्षेत्र में मंगलवार तड़के फिल्मी स्टाइल में रैपिडो चालक से लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर चालक का मोबाइल फोन और ब्लूटूथ छीन लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत नैनी कोतवाली में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। चकदोंदी प्रयागपुरम मोहल्ला निवासी अनिल कुमार शुक्ला, जो स्थानीय पत्रकार अखिलेश शुक्ला के बड़े भाई हैं, पार्ट टाइम रैपिडो चालक के रूप में कार्य करते हैं। मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे वह गंगोत्री नगर से एक सवारी लेने जा रहे थे। इसी दौरान इंदलपुर कब्रिस्तान के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों में से एक ने तमंचा दिखाकर उनका मोबाइल फोन और ब्लूटूथ छीन लिया। वारदात के बाद अनिल ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने परिजन को सूचना दी। फिर नैनी कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
