अक्षय कुमार यानी कि ‘खिलाड़ी कुमार’ की जिंदगी की कहानी सचमुच किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। उन्होंने अपने जीवन में कई संघर्षों का सामना किया और अपनी मेहनत और लगन से एक सफल अभिनेता बन गए। हाल ही में खिलाड़ी ने अपने संघर्ष के दिनों का किस्सा सुनाया, उन्होंने बताया ‘एक दिन उन्हें बंगलुरु में फैशन शो के लिए बुलाया गया था। उनको लगा फ्लाइट शाम की है, जबकि वह सुबह की थी। इस वजह से उनकी फ्लाइट मिस हो गई। पूरे दिन वह मायूस रहे। जब घर लौटे तो मां ने समझाया कि निराश मत हो, कुछ और अच्छा होगा। उसी दिन खिलाड़ी नटराज स्टूडियो पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात प्रमोद चक्रवर्ती के मेकअप मैन नरेंद्र से हुई। नरेंद्र ने अक्षय से तस्वीर मांगी और प्रमोद को दिखा दी। कुछ देर बाद अक्षय को अंदर बुलाया गया और वहीं उन्हें फिल्म ‘दीदार’ के लिए लीड रोल ऑफर किया गया। खास बात ये रही कि जब उन्हें चेक सौंपा गया, तब घड़ी में ठीक ६ बजे थे, ठीक उसी वक्त, जब सुबह की फ्लाइट थी। इस इत्तेफाक ने अक्षय की जिंदगी की दिशा ही बदल दी।
