-यूट्यूब पर ७ मिनट का वीडियो डालकर बयां किया अपना दर्द
उत्तराखंड के हल्द्वानी से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां २४ साल के एक युवक ने पिता के सामने ही चाकू से अपना गला रेत डाला। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक का नाम सजल जोशी था। मरने से पहले उसने यूट्यूब पर ६.३२ मिनट का वीडियो डाला। इसमें उसने बताया कि बीमारी से वो थक चुका है और अब उससे यह पीड़ा सही नहीं जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जब सजल ने वीडियो यूट्यूब पर डाला तो कनाडा में रह रहे उसके भाई ने वो वीडियो देख लिया। उसने तुरंत पापा को फोन किया। पूरी बात बताई कि सजल गलत कदम उठाने जा रहा है। पिता तुरंत सजल के कमरे में पहुंचे, बेटे के हाथ में चाकू था, उन्होंने चाकू छीनने की कोशिश की। मगर सजल ने चाकू से अपना गला रेत डाला। बेतहाशा खून उसके गले से बहने लगा। पिता उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सजल ने यूट्यूब में जो वीडियो शेयर किया है उसमें कहा, `मम्मी-पापा आई एम रियली सॉरी। आपको बुरा लगेगा, चोट पहुंचेगी लेकिन मैं अब हार गया। मैं यह वीडियो इसलिए बना रहा हूं कि बाद में लोग बेवजह अफवाह उड़ाते हैं। दरअसल, सजल हड्डियों की गंभीर बीमारी से ग्रसित था।
`भगवान कभी किसी को ऐसा दर्द न दे’
वीडियो में सजल ने कहा, `मुझे एमबीए करनी थी तो मां-पापा ने उसमें भी सपोर्ट किया। मुझे जो मेडिकल ट्रीटमेंट चाहिए होता था वो भी करवाया। मगर बीमारी से जो दर्द मुझे मिल रहा है, उसे मैं बर्दाश्त नहीं कर पा रहा। भगवान कभी किसी को ऐसा दर्द न दे।
