मुख्यपृष्ठनए समाचारमध्य रेलवे की व्यवस्था बदहाल...१० दिनों में ७६८ लोकल रद्द!..यात्रियों में आक्रोश

मध्य रेलवे की व्यवस्था बदहाल…१० दिनों में ७६८ लोकल रद्द!..यात्रियों में आक्रोश

ब्रिजेश पाठक / मुंबई

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल की व्यवस्था चरमरा गई है। मध्य रेलवे की तरफ से पिछले कुछ दिनों में प्रतिदिन ६० से अधिक लोकल को रद्द किया गया है, जिससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा है। १ सितंबर से लेकर १० सितंबर के दौरान कुल मिलाकर ७६८ लोकल ट्रेनों को रद्द किया गया है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले हफ्ते गणेशोत्सव चल रहा था और कई श्रद्धालु विभिन्न गणेश मंडलों में बाप्पा के दर्शन करने जाने के लिए लोकल ट्रेनों का सहारा ले रहे थे।
मध्य रेलवे की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, लोकल ट्रेनों को रद्द करने के कई कारण थे। इसमें से एक प्रमुख कारण तकनीकी गड़बड़ियां शामिल हैं। हाल ही में कुर्ला और विद्याविहार के बीच पटरियों पर दरार पड़ने के कारण मध्य रेलवे की लोकल सेवा प्रभावित हुई थी। इसके अलावा कई एसी लोकल को भी रद्द किया गया था, जिसकी प्रमुख वजह रख-रखाव बताई गई।
प्रतिदिन कई लोकल रद्द होने के कारण मध्य रेलवे के यात्री रेलवे से नाराज दिखे। उनका कहना है कि रेलवे को इस समस्या का समाधान त्वरित करना चाहिए। यह एक गंभीर समस्या है। रेलवे का टाइमटेबल बिगड़ने की वजह से रोजाना दफ्तर जाने वाले यात्रियों का भी टाइम टेबल बिगड़ जाता है। रेलवे प्रवासी संघ के राजेश पंडया ने बताया कि यात्रियों को बुलेट ट्रेन नही चाहिए, बल्कि रेलवे को बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की जरूरत है। उन्होंने सवाल पूछा कि अगर साधारण लोकल बिना स्वचालित दरवाजों की इतनी लेट चल रही और लोकल को रद्द करना पड़ रहा है तो स्वचालित दरवाजे और एसी लोकल आने के बाद यह समस्या और बढ़ जाएगी। रेलवे को इसे गंभीरतापूर्वक लेते हुए समाधान करना चाहिए।
पिछले रविवार को २०० लोकल हुई थी रद्द
अनंत चतुर्दशी के अगले दिन यानी रविवार को मध्य रेलवे की तरफ से २०० लोकल रद्द की गई, जिस वजह से यात्रियों को परेशानी हुई। मेगा ब्लॉक की वजह से यह समस्या उत्पन्न हुई थी। रेलवे विशेषज्ञों ने बताया कि रेलवे को मेगा ब्लॉक दिन में न करके रात को करना चाहिए, ताकि इसका असर यात्रियों पर कम पड़े।
तारीख कितनी लोकल रद्द
०१ सितंबर       ६८
०२ सितंबर      ५६
०३ सितंबर       ६६
०४ सितंबर      ६५
०५ सितंबर     ६०
०६ सितंबर      ७२
०७ सितंबर     २००
०८ सितंबर     ६१
०९ सितंबर    ६६
१० सितंबर    ५४

अन्य समाचार