मुख्यपृष्ठनए समाचारमानसून सिर पर मालवणी बेहाल!

मानसून सिर पर मालवणी बेहाल!

– अधूरी नाला सफाई और धीमे सड़क कार्य ने बढ़ाई मुसीबत

– मनपा के दावों की खुली पोल

जेदवी / मुंबई

मुंबई में मानसून दस्तक देने को तैयार है, लेकिन मालवणी इलाके में जमीनी हकीकत मनपा के साफ-सफाई और तैयारी के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एक तरफ मनपा शहर को बारिश के लिए पूरी तरह तैयार होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर मालवणी के ६ नंबर नाले की सफाई का काम अब तक अधूरा पड़ा है। नाले के आसपास घनी आबादी होने के कारण स्थानीय रहिवासियों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मालवणी में पहले से ही जगह-जगह चल रहे सड़कों के कंक्रीटीकरण कार्यों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई सड़कों का काम अधूरा पड़ा है, जिससे धूल, कीचड़ और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। रहिवासियों का कहना है कि मानसून शुरू होने के बाद यही अधूरे काम जलभराव और यातायात अवरोध का बड़ा कारण बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मालवणी के ६ नंबर नाले की सफाई समय पर पूरी नहीं की गई है। नाले में गाद और कचरा जमा होने से बारिश के दौरान पानी निकासी प्रभावित होने की आशंका है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में यदि समय रहते सफाई नहीं हुई तो घरों और सड़कों पर पानी भरने की स्थिति पैदा हो सकती है। मालवणी के कई हिस्सों में गंदगी के ढेर, टूटी सड़कें और अधूरे निर्माण कार्य लोगों के लिए रोजमर्रा की समस्या बन चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दावों और हकीकत में बड़ा अंतर
बीएमसी हर वर्ष मानसून पूर्व तैयारियों पर करोड़ों रुपये खर्च करने और व्यापक सफाई अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन मालवणी की स्थिति इन दावों की वास्तविकता उजागर कर रही है। रहिवासियों का सवाल है कि जब बारिश सिर पर खड़ी है, तब भी नाला सफाई और सड़क कार्य अधूरे क्यों हैं?
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बीएमसी तत्काल नाला सफाई का काम पूरा करे, अधूरी सड़कों का निर्माण जल्द खत्म करे और मानसून से पहले क्षेत्र को जलभराव तथा गंदगी से मुक्त करने के लिए ठोस कदम उठाए। अन्यथा इस बार की बारिश मालवणीवासियों के लिए भारी परेशानी का सबब बन सकती है।

अन्य समाचार