मुख्यपृष्ठसमाचारबेस्ट बस हड़ताल से थमी मुंबई!

बेस्ट बस हड़ताल से थमी मुंबई!

-हड़ताल को १०० फीसदी समर्थन

-सरनाइक की कोशिशें रहीं नाकाम

द्रुप्ति झा / मुंबई

आर्थिक मुद्दों समेत विभिन्न मांगों को लेकर बेस्ट कर्मचारियों द्वारा गुरुवार मध्यरात्रि से शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शुक्रवार को पहले ही दिन बेस्ट की बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई। पूरे दिन बेस्ट की एक भी बस फेरी पूरी नहीं हो सकी। संयुक्त कार्रवाई समिति ने दावा किया कि हड़ताल को सभी कर्मचारियों का स्वतःस्फूर्त १०० प्रतिशत समर्थन मिला। हड़ताल समाप्त कराने के लिए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का मध्यस्थता प्रयास विफल रहा। केवल आश्वासन से संतुष्ट न होकर हड़ताल जारी रखने का रुख कार्रवाई समिति ने स्पष्ट किया। बेस्ट बस सेवा पूरी तरह बंद रहने से लाखों मुंबईवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आर्थिक नुकसान से गुजर रहे बेस्ट उपक्रम के स्थायी कर्मचारियों, वेट-लीज (ठेके) के संविदा कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के विभिन्न आर्थिक मुद्दे पिछले कुछ वर्षों से लंबित हैं। इन मुद्दों को सुलझाने के प्रति सरकार की गंभीरता को देखते हुए बेस्ट कर्मचारी संयुक्त कार्रवाई समिति के माध्यम से बेस्ट कर्मचारियों के करीब १२ श्रमिक संगठनों ने गुरुवार मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया। सरकार और प्रशासन के खिलाफ पनप रहे असंतोष के कारण कर्मचारी पूरी रात बेस्ट डिपो परिसर में ही डटे रहे। इसके चलते सभी २७ डिपो में सुबह की पहली फेरी से ही हड़ताल का असर साफ दिखने लगा। बेस्ट प्रशासन ने शुरुआत में निजी चालकों की मदद से बसें चलाने का प्रयास किया, लेकिन हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के कड़े विरोध के कारण प्रशासन को उन बस फेरियों को भी आधे रास्ते से वापस बुलाने की शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।
ठोस निर्णय होने तक पीछे नहीं हटेंगे!
बैठक के बाद बेस्ट कर्मचारी संयुक्त कार्रवाई समिति ने पत्रकार वार्ता की। संयुक्त कार्रवाई समिति के नेता और विधायक सचिन अहीर ने आक्रामक रुख अपनाते हुए घोषणा की कि परिवहन मंत्री ने हमें सरकार के स्तर पर बैठकें आयोजित करने का आश्वासन दिया, लेकिन अब हमें बैठकें और आश्वासन नहीं चाहिए। मनपा के बजट में बेस्ट को शामिल करने और अन्य लंबित मांगों पर सरकार द्वारा ठोस निर्णय लिए जाने तक हम इस आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।

अन्य समाचार