पद्म विभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र का स्वास्थ्य बिगड़ा, बीएचयू अस्पताल के आईसीयू में भर्ती
उमेश गुप्ता / वाराणसी
चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह रविवार को बीएचयू अस्पताल में भर्ती पद्मविभूषण से सम्मानित प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की आईसीयू व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। सांसद ने बताया कि आईसीयू के आधे से ज्यादा बेड खाली पड़े मिले, जबकि आमतौर पर मरीजों और परिजनों को यह कहकर टरका दिया जाता है कि बेड उपलब्ध नहीं हैं।
सांसद ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया कि बीएचयू अस्पताल प्रशासन मनमानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब-जब किसी मरीज के लिए सिफारिश की जाती है, तो यही जवाब मिलता है कि बेड खाली नहीं है। लेकिन आज उन्होंने खुद देखा कि 50 फीसदी से अधिक बेड खाली पड़े हैं। इसे उन्होंने “कामचोरी” और “संभावित साजिश” करार दिया।
उन्होंने आईसीयू से बाहर आने के बाद मौजूद लोगों के बीच अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई और मामले की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर की है। सांसद ने मांग की है कि बीएचयू अस्पताल की इस अव्यवस्था की जांच के लिए एक टीम गठित की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि अस्पताल का संचालन पारदर्शी और सही तरीके से हो सके।
इस मौके पर उनके साथ सत्यप्रकाश सोनकर सोनू, अजय फौजी, वरुण सिंह, सुनील यादव और संजय यादव भी मौजूद रहे।
उधर, बीएचयू अस्पताल प्रशासन ने पंडित छन्नूलाल मिश्र की सेहत को लेकर हेल्थ बुलेटिन जारी किया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम की समस्या हो गई है और वे फिलहाल नॉन-इनवेसिव वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उन्हें एंटीबायोटिक थेरेपी, इंसुलिन और अन्य सहायक उपचार दिए जा रहे हैं। डॉक्टरों ने बताया कि शनिवार देर शाम से उनके वाइटल पैरामीटर्स में कुछ स्थिरता देखने को मिली है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक ओर जहां पंडित छन्नूलाल मिश्र के स्वास्थ्य को लेकर उनके प्रशंसकों और परिजनों को चिंतित कर रखा है, वहीं बीएचयू अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठे सवालों ने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।
