मुख्यपृष्ठनए समाचारदिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले का एक और ऑडियो सोशल...

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले का एक और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले से जुड़ा एक और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए संतों का अपमान करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि लारेंस विश्नोई और अनमोल विश्नोई से उनका नाम न जोड़ा जाए। ऑडियो में लारेंस विश्नोई को ढोंगी बताते हुए कहा गया है कि इनके साथ हमारा नाम जोड़कर अपमान न करें। ये देश के सबसे बड़े गद्दार हैं। बताते हैं कि दोनों गैंगस्टर गोल्डी बरार और लारेंस विश्नोई की आपस में दोस्ती थी। कई बड़े हत्याकांड में दोनों का नाम आ चुका है। छह महीने पहले लारेंस के कथित भाई अनमोल विश्नोई की गिरफ्तारी के बाद गोल्डी ने रोहित गोदारा संग मिलकर अलग गैंग बना लिया है। ऑडियो सुनने से लग रहा है कि उसे दो भागों में एडिट कर बनाया गया है। पुलिस उसकी जांच कर रही है कि वास्तव में आवाज वीरेंद्र चारण की है या गोल्डी बरार की।

सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर गोल्डी बरार ने शुक्रवार को घटना की जिम्मेदारी ली थी। मामला तूल पकड़ा तो आरोपियों ने शनिवार सुबह पोस्ट डिलीट कर दी। शाम को यह अकाउंट भी डिलीट कर दिया। एसएसपी ने जांच कराई तो पता लगा कि अकाउंट पुर्तगाल की आईडी पर बनाया गया था। दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में पिता जगदीश पाटनी ने कोतवाली में दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जगदीश के मुताबिक, बाइक सवारों को टोकने पर उनमें से एक ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। तब उन्होंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर जान बचाई।जगदीश ने तहरीर में कहा कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े चार बजे दो युवक उनके घर के बाहर फायरिंग करके चले गए थे। तब वह लोग सो रहे थे।उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के 3:30 बजे उनका कुत्ता भौंकने लगा तो उन्हें संदेह हुआ। तब वह बालकनी में आए तो नीचे बाइक सवार दो लोग दिखे। टोकने पर एक युवक ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। उन्होंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई। उनकी एक बेटी दिशा पाटनी बॉलीवुड में अभिनेत्री है। दूसरी बेटी खुशबू पाटनी मेजर पद से सेवानिवृत्त होकर उनके साथ रह रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दो गनर दिए हैं। घर के बाहरी हिस्से में चार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।शनिवार सुबह से ही पाटनी की गली के मुख्य द्वार पर लोहे का मजबूत गेट लगाया जाने लगा। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि वह लोग यहां निजी गार्ड की तैनाती कराएंगे और गली में आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। जगदीश पाटनी ने कहा कि उनका पूरा परिवार सनातन संस्कृति से जुड़ाव रखता है। वह सभी संत प्रेमानंद जी का सम्मान करते हैं, उनके दर्शन की भी इच्छा है। उनके बारे में उनकी बेटी ने कभी कोई बात नहीं कही। सोशल मीडिया पर लोग अपने व्यूज बढ़ाने के लिए किसी की पोस्ट या आवाज के साथ छेड़छाड़ कर दें तो वह कुद नहीं कर सकते।अनिरुद्धाचार्य के बयान पर बेटी ने कोई कमेंट कर दिया होगा। अपने देश में सबको बोलने की आजादी है, लेकिन बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। इन मामलों में बेटी ने सोशल मीडिया पर खेद भी जताया था। गोल्डी बरार गैंग की पोस्ट के बारे में पूछने पर पाटनी ने कहा कि वह अभी कुछ नहीं कह सकते। सोशल मीडिया पर जो पोस्ट आई है, वह सबके सामने है।

अन्य समाचार

श्राद्ध