हिमांशु राज
साल 2025 अब तक कुब्रा सैत के लिए बेहद खास रहा है। शाहिद कपूर स्टारर फिल्म ‘देवा’ में दमदार अदाकारी से लेकर अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार 2’ में अपने चुलबुलेपन से दर्शकों का दिल जीतने तक, उन्होंने साबित कर दिया है कि वे हर तरह के किरदारों को परदे पर जीवंत करने का हुनर रखती हैं। इन दिनों कुब्रा अपने पहले रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में धूम मचाते हुए दिख रही हैं, वहीं जल्द ही काजोल संग बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘द ट्रायल: सीजन 2’ में भी नजर आएंगी। दिलचस्प बात यह है कि यह सीरीज दोनों को दूसरी बार एक साथ लेकर आ रही है और काजोल खुद कुब्रा के काम की जमकर तारीफ कर रही हैं।
प्रमोशन के दौरान काजोल ने कहा कि कुब्रा सैत के साथ उनका रिश्ता समय के साथ और गहराता गया है। उन्होंने आगे कहा कि कुब्रा का किरदार इस सीज़न की जान है। उनकी बॉडी लैंग्वेज, संवाद कहने का अंदाज और व्यक्तित्व, सब कुछ उन्हें एक सच्चे हीरो जैसा बनाता है। काजोल ने आगे जोड़ते हुए कहा कि उन्हें कुब्रा के किरदार का सबसे बड़ा आकर्षण यह लगता है कि वह सभी से कितनी गहराई से जुड़ा हुआ है। यह किरदार सिर्फ भावनाएं नहीं दर्शाता, बल्कि दूसरों के मन की स्थिति और दृष्टिकोण को भी सामने लाता है। यही वजह है कि यह कहानी में बेहद अहम साबित होता है। फिलहाल ‘द ट्रायल: सीजन 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी हुई है, वहीं कुब्रा जल्द वरुण धवन और मृणाल ठाकुर के साथ फिल्म ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ में भी नज़र आने वाली हैं।
