-सऊदी अरब बना ढाल, शरीफ के साथ समझौता
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद ‘नाटो’ देश अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। इस संधि के तहत एक नाटो देश पर हमला होने की सूरत में उसे सारे नाटो देशों पर हमला माना जाता है और वे मिलकर मुकाबला करते हैं। अब पाकिस्तान और सऊदी अरब भी मिलकर कुछ इसी अंदाज में फिल्म ‘आरआरआर’ का गाना ‘नाटू नाटू’ की तर्ज पर ‘नाटो-नाटो’ गा रहे हैं। असल में दोनों देशों ने एक रक्षा समझौता किया है। जिससे एक देश पर हमला दूसरे देश पर भी हमला माना जाएगा।
‘स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट’ के तहत पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच यह समझौता हुआ है। इस तरह से देखा जाए तो अब दुश्मन पाकिस्तान पर हमला करना आसान नहीं होगा क्योंकि सऊदी अरब उसकी ढाल बन गया है। हाल ही में सऊदी क्राउन प्रिंस सलमान और पाक पीएम शहबाज शरीफ के बीच यह समझौता हुआ है। समझौते के बाद रियाद पहुंचे पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ की सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को गले लगाते तस्वीर सामने आई है।
पाकिस्तान की जीत
इस समझौते को लेकर भारत सरकार का कहना है कि वो इस घटनाक्रम के प्रभावों पर स्टडी करेगा, दूसरी तरफ इस समझौते को पाकिस्तान जीत की तरह देख रहा है और इसे मुस्लिम देशों के भाईचारे के रूप में पेश कर रहा है।
