-अशोक गहलोत ने भाजपा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में पानी की मांग उठाने वाले युवक सूरज माली पर हुए जानलेवा हमले ने प्रदेश में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना के लिए बीजेपी विधायक अर्जुनलाल जीनगर पर सीधा हमला बोला है। गहलोत ने इसे `लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है। उन्होंने एलान किया कि वह २१ सितंबर को कपासन जाकर पीड़ित सूरज माली और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।
अशोक गहलोत ने `एक्स’ पर लिखा कि राजस्थान में चारों ओर अराजकता का माहौल बन चुका है। बलात्कार, हत्या, चोरी, डकैती जैसे क्राइम आम हो गए हैं। चिंताजनक ये है कि अब भाजपा विधायक ही गुंडागर्दी में शामिल हो रहे हैं। चित्तौड़गढ़ के कपासन में भाजपा विधायक अर्जुनलाल जीनगर को पानी के लिए किया गया चुनावी वादा याद दिलाने पर युवक सूरज माली पर जानलेवा हमला भाजपा राज में लोकतंत्र की हत्या की नई तस्वीर है। पूर्व सीएम ने कहा कि पीड़ित युवक के २५ से अधिक फ्रैक्चर आए हैं। युवक की स्थिति ऐसी है कि अभी तक डॉक्टर ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। क्या भाजपा विधायकों से सवाल पूछने पर आमजन की जान लेने का प्रयास किया जाएगा? क्या पुलिस ऐसे विधायक पर कार्रवाई करने की हिम्मत जुटा पाएगी? पुलिस ने अभी तक इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। गहलोत ने कहा कि कल मैं कपासन पहुंचकर पीड़ित के परिजनों से मुलाकात करूंगा।
`मीडिया के सामने एक्टिंग करना छोड़े चुनाव आयोग’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से दूसरी बार कथित वोट चोरी का खुलासा किए जाने के बाद एक बार फिर चुनाव आयोग और कांग्रेस आमने-सामने है। अब इस मामले को लेकर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हुए हमला बोला है। गहलोत ने कहा है कि चुनाव आयोग को मीडिया के सामने एक्टिंग छोड़कर राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए।
