– शिवसेना विधायक ने मनपा आयुक्त को लिखा पत्र
सामना संवाददाता / मुंबई
विलेपार्ले स्थित हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मेडिकल कॉलेज और डॉ.आर.एन. कूपर अस्पताल में व्याप्त असुविधाओं को दूर करने की मांग शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) विधायक सुनील प्रभु ने की है। मनपा आयुक्त को लिखे पत्र में सुनील प्रभु ने कहा है कि अस्पताल में चूहों के आतंक से मरीज बेहाल हैं। अस्पताल में खुलेआम आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। इसके कारण मरीजों के परिवार वालों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा कई अन्य समस्याओं की ओर शिवसेना विधायक सुनील प्रभु ने मनपा आयुक्त को पत्र के माध्यम से ध्यान आकर्षित कराते हुए अस्पताल में व्याप्त असुविधाओं को दूर करने की मांग की है।
बता दें कि शिवसेना नेता व विधायक सुनील प्रभु ने हाल ही में विलेपार्ले स्थित हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मेडिकल कॉलेज और डॉ. आर.एन. कूपर मनपा अस्पताल का दौरा किया था। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने सुनील प्रभु से अस्पताल में गंदगी और चूहों की लगातार मौजूदगी की शिकायत की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान पाया कि अपघात विभाग के पास बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद यहां बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों के घूमने से मरीजों के परिजनों को परेशानी हो रही है। अस्पताल की समय पर सफाई नहीं हो रही है, जिससे गंदगी का साम्राज्य बना हुआ है। अस्वच्छता के कारण मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
इस पृष्ठभूमि पर शिवसेना विधायक सुनील प्रभु ने मनपा आयुक्त भूषण गगरानी को पत्र लिखकर अस्पताल की समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने अस्पताल की असुविधाओं को तत्काल दूर करने की भी मांग की है।
