राधेश्याम सिंह / वसई
नालासोपारा (पूर्व) के प्रगति नगर इलाके में स्थित “मोनू किराना एवं जनरल स्टोर्स” के पास बीती रात एक झगड़े के दौरान एक नाइजीरियन युवक की हत्या कर दी गई। यह घटना देर रात घटी।तुलिंज पुलिस थाने में कार्यरत पुलिसकर्मी अनिल सोनवणे की शिकायत के अनुसार, रोशन अपार्टमेंट, प्रगति नगर स्थित एक दुकान के पास ओघेने इगेर और ओडिया इजु पेक्यूलियर नामक दो व्यक्ति आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान लकी इकेचक्वुइजेह नामक एक और युवक वहां पहुंचा और उनकी बातचीत में दखल देने लगा।जब बहस बढ़ी,तो अयोला बाबाजिदे नामक व्यक्ति ने लकी के सिर पर कांच की बोतल से वार कर दिया। इसके बाद ओघेने इगेर और ओडिया इजु पेक्यूलियर ने भी उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल लकी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तीनों नाइजीरियन नागरिको अयोला बाबाजिदे बार्थलोमे, ओघेने इगेर और ओडिया इजु पेक्यूलियर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस निरीक्षक बालासाहब बनकर ने जानकारी दी कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और कोर्ट ने उन्हें 26 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। एक आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
