विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
यूपी की कुशनगरी सुल्तानपुर ‘रक्तदानियों के लिये मशहूर हैं। यहां दर्जनों संस्थाएं हैं और हजारों लोग ! आए दिन स्थानीय मेडिकल कालेज में खून देने वालों का मेला लगता है लेकिन इस बार ‘गायत्री परिवार’ ने रक्तदान-महादान का महामेला आयोजित किया। जिसमें तमाम संस्थानों के हजारों लोग शरीक हुए।
दिनभर मेला चलता रहा। मेडिकल कालेज परिसर में खून देने के जुनूनी मेले में उमड़ते रहे। विभिन्न संगठनों के मुखिया और पदाधिकारी भी उत्साही लोगों की हौसला अफजाई करते रहे। दिनभर चले आयोजन के दौरान १००८ लोगों ने रक्तदान कर सुल्तानपुर में इतिहास रच दिया। सुल्तानपुर संयुक्त सेवा समिति ने माता भगवती देवी के जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत रक्तदान महायज्ञ आयोजित किया था। जिसमें प्रदेश की नौ ब्लड बैंक टीमों ने सहभाग किया। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। रक्तदान का शतक और अर्धशतक बनाने वाले रक्तदानियों को सम्मानित भी किया गया। आरएसएस के विभाग संघचालक व प्रख्यात सर्जन डाक्टर एके सिंह व गायत्री परिवार के कार्यकर्ता डाक्टर सुधाकर सिंह की महोत्सव में उपस्थिति प्रेरणादायी साबित हुई।
