-बोला- मौजूदा विधायक को २ करोड़ और मुझे मिली २० करोड़ की निधि
सामना संवाददाता / मुंबई
एक कहावत है कि अंधेर नगरी चौपट राजा, ऐसा ही कारोबार महायुति सरकार में चल रहा है। स्वच्छ और पारदर्शी सरकार चलाने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार सत्तारूढ और विपक्ष के साथ किस तरह का भेदभाव इसका भंडाफोड़ खुद शिंदे गुट के एक पूर्व विधायक ने किया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जोरों से वायरल हो रहा है। इस वीडिया में पूर्व विधायक दावा कर रहा है कि मौजूदा विधायक को उसके निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए दो करोड़ रुपए की निधि दी जाती है जबकि विधायक न होने के बावजूद मुझे बीस करोड़ रुपए की निधि दी गई। यह दावा शिंदे गुट के पूर्व विधायक सदा सरवणकर ने किया है। उन्होंने दावा किया है कि विधायक न रहते हुए भी मुझे बीस करोड़ रुपए की निधि सरकार से प्राप्त हुई है। शिंदे गुट नेता और पूर्व विधायक सदा सरवणकर द्वारा किए गए इस दावे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सदा सरवणकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी सरवणकर ने कहा कि हमें इस निर्माण कार्य की अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन हमें अब मिल गई। मैं आपको बता रहा हूं कि हमें देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व का लाभ मिला है। मौजूदा विधायकों को विकास कार्यों के लिए २ करोड़ रुपए मिलते हैं, लेकिन मुझे २० करोड़ रुपए तब मिले जब मैं विधायक नहीं हूं, ऐसा दावा वीडियो में सरवणकर कर रहे हैं।
