मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : एशिया कप नहीं ये कमाई कप है

आउट ऑफ पवेलियन : एशिया कप नहीं ये कमाई कप है

अमिताभ श्रीवास्तव

बात तो तब होती जब भारत पाकिस्तान से खेलता ही नहीं। मगर बीसीसीआई और आईसीसी अच्छी तरह से जानते हैं कि यदि भारत नहीं खेलेगा तो करोड़ों रुपयों की हानि हो जाएगी। एशिया कप भारत बनाम पाकिस्तान के मैच पर ही तो सफलता छूता है। यह शुरुआत से ही पता था कि एशिया कप में तीन बार भारत बनाम पाकिस्तान के मैच होंगे और यह करोड़ों-अरबों के वारे न्यारे करा जाएंगे। क्लब के बंधुआ मजदूरों की तरह देश के हित को किनारे रखते हुए टीम इंडिया के खिलाडियों को इसमें झोंक दिया गया। झोंकने के बाद उनसे देश के संदर्भ में भी बयानबाजी करा दी गई और माहौल को जितना गरम कराना चाहिए था उतना कराया ताकि दौलत की बारिश आसानी से हो सके। मामला केवल और केवल धन कमाई का था। यह क्रिकेट प्रेम ऐसा है कि लोगों ने विरोध के बावजूद इसे देखा और दो बार टीम इंडिया की जीत पर वे सब भूल गए। जबकि पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी तरह के संबंध न रखने के लिए राजनैतिक जोर भी दिया जाता है। फाइनल में फिर अंतिम भिड़ंत होनी है। यह एशिया कप आठ टीमों के बीच था मगर यह ऐसा लग रहा है जैसे भारत पाकिस्तान टी २० सीरीज ही खिला दी गई है। विजेता – उपविजेता को क्रमश: लगभग ३ लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग २.६ करोड़ रुपए) मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को १.५ लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग १.३ करोड़ रुपए) मिलेंगे। मगर अनुमान है कि पूरे टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के मैच से ही आयोजकों ने जम के पैसे कूटे हैं जो बांटी जा रही पुरस्कार राशि से भी दस गुना अधिक है। और अभी तो फाइनल बचा है जो २८ सितंबर को खेला जाने वाला है।
फुटबाल, चोट और मौत
कभी-कभी कोई खेल खिलाड़ी के लिए इतना घातक हो जाता है कि उसकी मृत्यु तक हो जाती है। बॉक्सिंग जैसा खेल हो तो एक संभावना रहती है मगर फुटबाल जैसे खेल भी कोई कम खतरनाक नहीं रहते। अब देखिए न पिछले शनिवार को फुटबाल के एक मैच के दौरान आर्सेनल टीम के स्टार रहे खिलाड़ी की सिर में चोट लगने से मृत्यु हो गई। फुटबाल क्लब में चिचेस्टर सिटी का भी एक बड़ा नाम है जिसमें विश्व के दिग्गज खिलाड़ी भी खेलते हैं। शनिवार को विंगेट बनाम फिंचली के मैच में चिचेस्टर सिटी के २१ वर्षीय बिली विगर को गिरने से सिर में चोट लगीं और वो कोमा में चला गया। घायल हो जाने के बाद इस्थमियन प्रीमियर डिविजन का यह खेल १५ मिनट में ही स्थगित कर दिया गया। हेलीकॉप्टर द्वारा बिली को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चोट की गंभीरता इसी बात से पता चल गई थी कि वह कोमा में चला गया था लिहाजा मैच को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद बिली का ऑपरेशन किया गया लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि दुर्भाग्यवश वे ठीक नहीं हो सके। बिली के निधन की दुखद खबर की पुष्टि गुरुवार शाम को चिचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब ने की, जिन्होंने उनके परिवार की ओर से एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा ‘पिछले शनिवार को गंभीर मस्तिष्क क्षति होने के बाद बिली विगर को कोमा में रखा गया था। मंगलवार को उन्हें ठीक होने के लिए ऑपरेशन की जरूरत थी। मगर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार