पुणे। वाहन निर्माण का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले पुणे में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग की सबसे बड़ी प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है। फ्यूचरेक्स ग्रुप ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि इंडिया इंटरनेशनल ईवी शो (IIEV) 2025 का सातवां संस्करण 5 से 7 दिसंबर 2025 तक पिंपरी-चिंचवड स्थित ऑटो क्लस्टर एक्ज़िबिशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को गति देने के लिए वैश्विक स्तर के नीति निर्माता, निवेशक और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। इस दौरान उन्नत, नवीन और पर्यावरण-हितैषी परिवहन समाधानों के साथ तेजी से विकसित हो रहे ईवी सेक्टर की दूरदर्शी पहलों का प्रदर्शन किया जाएगा।
पिछले छह सफल संस्करणों के बाद इस बार का आयोजन और भी भव्य रूप में होगा। अनुमान है कि इस शो में 21,000 से अधिक आगंतुक, 5,000 से अधिक डीलर्स और वितरक, और 200 से अधिक प्रमुख प्रदर्शक भाग लेंगे। इसके अलावा पांच से अधिक देशों से लगभग 700 उद्योग विशेषज्ञ शामिल होंगे। प्रदर्शनी में 1,000 से अधिक उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन होगा तथा 150 से अधिक नए ईवी और क्लीन एनर्जी समाधान पेश किए जाएंगे।
आयोजन में इलेक्ट्रिक कार, बाइक, ई-रिक्शा, चार्जिंग स्टेशन और अन्य आधारभूत सेवाओं एवं तकनीकों की झलक देखने को मिलेगी। भारत में ईवी को अपनाने की दर लगातार बढ़ रही है और सरकार की ओर से भी इस क्षेत्र में नवाचार और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बड़े निवेश किए जा रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में यह प्रदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फ्यूचरेक्स ग्रुप के निदेशक नमित गुप्ता ने इस अवसर पर कहा, “भारत में ईवी बाजार के अगले चरण में प्रवेश के साथ यह मंच दूरदर्शी नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों को जोड़ने का अवसर देगा। हमें विश्वास है कि सरकार और उद्योग के सहयोग से भारत वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में नेतृत्व की भूमिका निभा सकता है।”
पुणे में होने वाला यह तीन दिवसीय शो इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है। आयोजकों का मानना है कि इससे न केवल देश में ईवी अपनाने की प्रक्रिया को गति मिलेगी, बल्कि भारतीय उद्योग को वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धी बनाने में भी मदद मिलेगी।
