ऐसा लगता है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर हाल ही में दबाव बढ़ा है, जिसके चलते उन्होंने भारत से माफी मांगी है। ये माफी एशिया कप २०२५ की ट्रॉफी को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ी है। दरअसल, एसीसी की ३० सितंबर को हुई बैठक में आईसीसी के प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया कि नकवी ने भारत को टूर्नामेंट जीतने की बधाई क्यों नहीं दी। इस सवाल के बाद नकवी को झुकना पड़ा और उन्होंने माफी के साथ भारत को बधाई दी। हालांकि, ट्रॉफी के मुद्दे पर उनका अड़ियल रवैया बरकरार है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नकवी ने कहा कि ट्रॉफी लौटाएंगे, लेकिन इसके लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को एसीसी के दफ्तर आना होगा। नकवी के इस अड़ियल रुख के कारण यह विवाद अब आईसीसी की आगामी बैठक में उठ सकता है, जहां बीसीसीआई अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
