मुख्यपृष्ठनए समाचारप्री मानसून से पहले ही मनपा ‘ऑल आउट'!

प्री मानसून से पहले ही मनपा ‘ऑल आउट’!

-राहत की बारिश बनी आफत, सड़कों पर जलजमाव

द्रुप्ति झा / मुंबई

आर्थिक राजधानी मुंबई में मंगलवार सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश ने जहां एक तरफ उमस भरी गर्मी से परेशान मुंबईकरों को राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ इस पहली ही बौछार ने मनपा के दावों की पोल खोलकर रख दी है। राहत की उम्मीद लेकर आई यह बारिश चंद घंटों में ही आफत बन गई, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में भारी जलजमाव हो गया और रफ्तार पकड़ने वाली मुंबई पहियों पर थम गई।
जून का महीना खत्म होने को है और मुंबईकर लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। पिछले दो दिनों से हो रही प्री-मानसून गतिविधियों के बाद मंगलवार सुबह से बारिश ने तेजी पकड़ी। लेकिन महज कुछ घंटों की हल्की से मध्यम बारिश में ही मुंबई के कई प्रमुख इलाकों की सड़कें तालाब में तब्दील हो गर्इं। बारिश के पानी के कारण सड़कों पर बेस्ट की बसें बीच रास्ते में ही रुक गर्इं, जिससे अंधेरी के पूरे रूट पर कई घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हमेशा की तरह दादर के निचले इलाकों में पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही पर बेहद बुरा असर पड़ा। बारिश की वजह से वडाला आरटीओ के पास भारी जलजमाव होने की वजह से ड्राइवरों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अन्य समाचार