सामना संवाददाता / मुंबई
मंगलवार सुबह बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स मेट्रो स्टेशन के भूमिगत बेसमेंट हिस्से में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां काम कर रहे कर्मचारियों की नजर एक रसेल वाइपर सांप पर पड़ी। यह सांप भारत के सबसे जहरीले और आक्रामक सांपों में से एक माना जाता है। स्टेशन परिसर में सांप मिलने की खबर से यात्रियों और कर्मचारियों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। सांप बेसमेंट के एक कोने में छिपा हुआ था। टीम ने बेहद सावधानी बरतते हुए कुछ ही मिनटों में उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, पकड़े गए रसेल वाइपर की सेहत की जांच करने के बाद उसे वन विभाग की अनुमति से उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
अंधेरी स्टेशन पर अतिथि’ लंगूर की एंट्री
मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक अनोखे घटनाक्रम ने यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। स्टेशन परिसर में अचानक एक लंगूर के दिखाई देने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। पहले वह प्लेटफॉर्म पर घूमता नजर आया और फिर रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ गया, जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई।
तुरंत इलाज न मिलने पर मौत निश्चित
रसेल वाइपर भारत के ‘बिग फोर’ यानी चार सबसे खतरनाक सांप में शामिल है। इसका जहर हीमोटोक्सिक होता है, जो खून को जमाने और टिश्यूज को तेजी से नुकसान पहुंचाने का काम करता है। इसके काटने पर तुरंत इलाज न मिलने से जान भी जा सकती है।
सेबी भवन के पास भी मिले थे अजगर के सपोले
कुछ दिनों पहले हाल ही में मुंबई के बीकेसी में सेबी भवन के पास से सात अजगर के बच्चों का रेस्क्यू किया गया था हालांकि अधिकारियों ने बताया कि सभी सांप विषैले नहीं थे और उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
