मुख्यपृष्ठनए समाचारजनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ ... सरकारी अस्पतालों में नकली दवाएं!

जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ … सरकारी अस्पतालों में नकली दवाएं!

-स्वास्थ्य मंत्री ने किया कबूल
-विधान मंडल में भी उठ चुका है मामला
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार में जमकर भ्रष्टाचार शुरू है। यहां तक कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ शुरू हो गया है। सरकारी अस्पतालों में नकली दवाइयां सप्लाई होने का मामला सामने आ रहा है। जिससे महाराष्ट्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। राज्य के सरकारी अस्पतालों को दवा सप्लाई करने वाली कई बोगस कंपनियों का काला कारनामा सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मरीजों को इलाज के नाम पर असली दवाओं की जगह नकली और घटिया क्वालिटी की दवाएं थमा दी जा रही थीं। इस मामले को खुद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने भी स्वीकार किया है।
मंगलवार को उनके बाढ़ दौरे के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं। इन सभी कंपनियों पर कार्रवाई शुरू है। जल्द ही इसका परिणाम सामने आएगा। बता दें कि जिन अस्पतालों में गरीब जनता इलाज की उम्मीद लेकर जाती है, वहीं मौत को दावत देने वाली दवाएं सप्लाई हो रही थीं। यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की जान से खुला खिलवाड़ है। यह मामला विधानमंडल में भी उठ चुका है। इसके जवाब में भी प्रकाश आबिटकर ने कहा था कि दोषियों पर जल्द कार्रवाई होगी। दवा सप्लाई करने वाली कई कंपनियों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन फर्जी पाए गए हैं। करोड़ों का टेंडर हासिल करने के बाद इन कंपनियों ने बाजार से घटिया दवाएं खरीदकर अस्पतालों में पहुंचाईं। कई मरीजों पर इसका सीधा असर भी देखा गया है, जिससे उनकी तबीयत और बिगड़ गई। ऐसी शिकायत भी आई है। यह पूरा घोटाला न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सिस्टम में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं।

अन्य समाचार