किसी भी कामकाजी महिला के लिए घर और करियर को बैलेंस करना बेहद मुश्किल हो जाता है, जब वो एक बच्चे की मां बन जाती है। खैर, बेटी दुआ के जन्म के बाद बेटी के परवरिश की खातिर ८ घंटे की शिफ्ट की डिमांड को लेकर दो फिल्मों से हाथ धो बैठनेवाली दीपिका पादुकोण को सपोर्ट करते हुए हाल ही में रानी मुखर्जी ने एक बातचीत में खुलासा करते हुए कहा कि फिल्म ‘हिचकी’ के दौरान वो अपनी १४ महीने की बेटी अदिरा के लिए दूध पंप कर शूटिंग पर जाती थीं। ‘नेशनल अवॉर्ड’ जीतनेवाली रानी ने बातचीत में कहा, ‘मेरा पहला शॉट सुबह ८ बजे होता था और मैं साढ़े बारह से एक बजे तक काम निपटाकर तीन बजे तक घर पहुंच जाती थी।’ रानी ने आगे कहा, ‘आज इस बारे में बात हो रही है क्योंकि लोग बाहर डिस्कस कर रहे हैं, लेकिन मैंने भी कुछ घंटों के लिए काम किया है। अगर प्रोड्यूसर को कोई दिक्कत नहीं है तो आप फिल्म कर लेते हैं, लेकिन अगर प्रोड्यूसर को इससे आपत्ति है तो आप फिल्म से बाहर हो जाते हैं। कोई भी किसी पर कुछ भी थोप नहीं रहा है।’
