सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के ग्रामीण भागों से आए निष्ठावान शिवसैनिकों की दादर रेलवे स्टेशन से छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क मैदान तक लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थीं। ‘उद्धव साहेब आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं…’ ‘शिवसेना जिंदाबाद…’, ‘आवाज किसकी… शिवसेना की…’ जैसे गगनभेदी नारे लगाते हुए शिवसैनिकों के जत्थे के जत्थे शिवतीर्थ की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान शिवसेना भवन परिसर में शिवसैनिकों की बड़ी भीड़ जमा हो गई थी। शिवसैनिक शिवसेना भवन के आगे नतमस्तक हो रहे थे।
नन्हें शिवसैनिक की शानदार एंट्री
दशहरा सम्मेलन में छोटे-छोटे शिवसैनिकों की भी बड़ी भीड़ थी। अलग-अलग आकर्षक वेशभूषा में बच्चे शिवतीर्थ पर पहुंचे थे। इनमें विरार से आए समर्थ आदावड़े नामक चार वर्षीय शिवसैनिक की निष्ठा सबको चौंकाने वाली थी। इस नन्हें शिवसैनिक ने साइकिल पर बैठकर सम्मेलन स्थल पर शानदार एंट्री की। उसकी निष्ठा की सभी ने सराहना की।
शिवसैनिकों ने किया जागरण
कोल्हापुर जिले से आए ८०० से अधिक शिवसैनिकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क मैदान परिसर में मराठी का जागरण किया। शिवसेना के कोल्हापुर शहरप्रमुख सुनील मोदी के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने ढोल की ताल पर मराठी तथा ‘जय जय महाराष्ट्र माझा’ का जयघोष किया। ‘मराठी बोलो, मराठी पढ़ो…’ ऐसा आह्वान भजन के माध्यम से करते हुए शिवसैनिकों ने परिसर का वातावरण भगवा रंग में सराबोर कर डाला। इस दौरान शिवसैनिकों ने हाथों में शिवसेना की धधकती मशाल उठाकर ‘शिवसेना जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
