मुख्यपृष्ठअपराधशादी से इनकार पर बिगड़ा आशिक...प्रेमिका को मारी गोली; वाराणसी में जाकर...

शादी से इनकार पर बिगड़ा आशिक…प्रेमिका को मारी गोली; वाराणसी में जाकर कर ली आत्महत्या

उमेश गुप्ता / वाराणसी

चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर नई बस्ती में गुरुवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने शादी से इंकार करने पर अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रामनगर स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा और वहां खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसीपी वाराणसी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि घायल युवती की पहचान 20 वर्षीय साबिया बानो उर्फ बबली के रूप में हुई है। वह सोनकर बस्ती, महमूदपुर नई बस्ती की रहने वाली है। मोहल्ले के ही संजय सोनकर नामक युवक से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। संजय फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास फल की दुकान चलाता था। कुछ दिनों पहले साबिया की शादी किसी और जगह तय हो गई थी। इसके बाद से ही उसने संजय से दूरी बना ली थी।
गुरुवार की शाम साबिया अपनी मां के साथ सब्जी लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में संजय ने उसे रोक लिया और शादी के लिए दबाव बनाया। युवती के इनकार करते ही आरोपी ने 9 एमएम पिस्टल से उस पर फायर झोंक दिया। गोली कमर में लगते ही वह मौके पर गिर पड़ी और चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
वारदात के बाद आरोपी युवक वहां से भाग निकला और सीधे रामनगर स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा। वहां उसने खुद को गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी ओर एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मुगलसराय वाले घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। घटना से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

अन्य समाचार