राजेश सरकार / प्रयागराज
दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान महिलाओं के गले से जंजीर छिनैती की वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले दो चेन स्नेचर, पुलिस एनकाउंटर में दबोचे गए हैं। इनमें एक स्नेचर जो शहर के धूमनगंज थाने का गैंगस्टर है,उसको गोली लगी है। उसे हिरासत में इलाज को भर्ती कराया गया है। जबकि उसके साथी विजय को दौड़ाकर पकड़ा गया। एसओजी यमुनापार व नैनी पुलिस के ज्वाइंट एक्शन में दोनों को देवरख नैनी साइड में गंगा कछार पर शुक्रवार भोर में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस एनकाउंटर में राहुल पासी (३५) को गोली लगी है। वह शहर के धूमनगंज थाने के मुंडेरा मंडी का रहने वाला है। वर्तमान में यमुनापार के घूरपुर जसरा स्थित जीआईसी स्कूल के पास रहता है। इसका साथी विजय कुमार पासी (२२) पड़ोसी जिले कौशांबी के पिपरी थानान्तर्गत जलालपुर घोषी का रहने वाला है। इनके पास से सोने की जंजीर और छीनी गई जंजीरों की बिक्री से मिले ८६५०० रुपये, देशी तमंचा, जिंदा कारतूस व वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।
बाइक रोकने का इशारा करते ही पुलिस पर की फायरिंग
शुक्रवार भोर में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) चौराहे पर एसओजी और नैनी पुलिस वाहनों की जांच में जुटी थी। इस दौरान बाइक सवार दो युवक तेज रफ्तार में आते दिखे। पुलिस ने इशारे से रुकने का संकेत दिया तो पीछे बैठे युवक ने पलट कर फायरिंग शुरू कर दी। बाइक चला रहे युवक ने गंगा कछार की तरफ जाने वाले रास्ते पर गाड़ी मोड़ दी। पुलिस टीम ने फायरिंग से बचते हुए दोनों का पीछा किया। बचाव और आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई तो पीछे पलट कर फायरिंग करने वाले बदमाश को गोली लगी। जिससे वह नीचे गिर पड़ा। ड्राइविंग कर रहा बदमाश वहीं गाड़ी से कूद कर भागने लगा जिसे दौड़ा कर पुलिस ने पकड़ा। गोली से घायल स्नेचर ने अपना नाम राहुल पासी और दौड़ा कर पकड़े गये बदमाश ने विजय पासी बताया।
महिलाओं को बनाया निशाना
दोनों शातिर स्नेचर महिलाओं को निशाना बनाया करते थे। पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि २९ सितंबर को दोपहर करीब १२ बजे एडीए कालोनी नैनी में एक औरत के गले से सोने की चेन छीनकर भाग गये थे। छीनी गई चेन को एक राहगीर को ६० हजार रुपये में बेच दिया था। इससे पहले इन लोगों ने २७ सितंबर को दोपहर तीन बजे महेन्द्र नगर (टीपी नगर) धूमनगंज में एक महिला को उस वक्त निशाना बनाया जब वह घर में स्कूटी खड़ी कर रही थी। मौका पाकर दोनों उसके गले से सोने की चेन छीनकर भाग गये थे। उसे भी एक राहगीर को ७२००० रुपये में एक राहगीर को बेच दिया था। मिली रकम को आपस में बांट लिया था। इनसे बरामद नगदी लूटी गई जंजीरों की बिक्री से मिली रकम के बचे हुए शेष रुपये हैं।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
राहुल पासी के विरुद्ध अपराधों की लंबी फेहरिस्त है। सिर्फ धूमनगंज थाने में उसके विरुद्ध गैंगस्टर, छिनैती, लूट,आर्म्स एक्ट के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे पंजीकृत है। शहर कोतवाली और अतरसुया थाने में भी उसके खिलाफ पहले से गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। नैनी थाने में उसके विरुद्ध रमा सिंह चंदेल की तहरीर पर चेन छिनैती का मामला दर्ज किया गया है। रमा सिंह चंदेल ने बताया कि वह पूजा पंडाल से 29 सितंबर की दोपहर अपने घर आ रही थी, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने उनके गले से झपट्टा मारकर सोने की जंजीर छीनकर भाग गए थे। बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद नैनी थाने में रमा सिंह चंदेल द्वारा दर्ज मुकदमे में धारा 304(2) बीएनएस के साथ 317(2) की बढ़ोत्तरी की गई है।
