हिमांशु राज
नेशनल अवार्ड घोषित होते ही इसकी चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि अगला अवार्ड किसे मिलेगा। इस लिस्ट में राजकुमार राव का नाम विशेष तौर पर उभरा है, खासकर उनकी फिल्म ‘श्रीकांत’ में बेहतरीन अभिनय के कारण। जब उनसे इन अटकलों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने काफी विनम्रता से जवाब दिया।राजकुमार ने कहा, “मैं भी अक्सर सुनता हूं कि लोग ‘श्रीकांत’ को सभी बड़े पुरस्कार मिलने के हकदार मानते हैं। कई वरिष्ठ कलाकार और इंडस्ट्री के दिग्गजों ने फिल्म देखने के बाद मुझे फोन किया और कहा कि ऐसी भूमिका और परफॉर्मेंस बहुत कम मिलती हैं। मेरे लिए इससे बड़ी कोई उपलब्धि नहीं है, यह अपने आप में एक सम्मान है।”उन्होंने आगे बताया कि दृष्टिहीन उद्यमी श्रीकांत बोला की भूमिका में उनकी कोशिशों को आलोचकों और दर्शकों ने काफी सराहा है। इस कड़ी तारीफ और सहयोग ने उन्हें उम्मीद दिलाई है कि वे अपने करियर का सबसे बड़ा पुरस्कार जीत सकते हैं।
