मुख्यपृष्ठअपराध३९ करोड़ रुपए की मौत!..इंश्योरेंस क्लेम के लिए मां-बाप, पत्नी की हत्या

३९ करोड़ रुपए की मौत!..इंश्योरेंस क्लेम के लिए मां-बाप, पत्नी की हत्या

-मेरठ के मर्डर की खौफनाक दास्तां

बीमा क्लेम के लिए मां-बाप व पत्नी की हत्या करने वाले मेरठ के गंगानगर के विशाल के मामले में सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। एक घर में रहने वाले तीन लोग पिछले आठ सालों में एक-एक कर मौत के शिकार हुए। लेकिन अब इन मौतों का सच सामने आ गया है, जो महज संयोग नहीं बल्कि करोड़ों रुपए की बीमा ठगी का खतरनाक खेल है। मौत के इस खेल को किसी और ने नहीं बल्कि घर के बेटे ने ही अंजाम दिया था। जिसने महज करोड़ों रुपयों के लिए `अपनों’ को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज मामले के खुलासे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
गौरतलब है कि इस घर में साल २०१७ में पहली मौत हुई थी, घर की मालकिन प्रभा देवी अपने बेटे विशाल सिंघल के साथ टू व्हीलर पर जा रही थीं, रास्ते में अचानक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। इस पहली मौत को लोग दुर्भाग्य मानकर भूल गए। ५ साल बाद साल २०२२ में परिवार पर फिर आफत आई। इस बार विशाल की पत्नी एकता की अचानक मौत हो गई। उसको हार्ट अटैक आया। अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से छुट्टी मिलने के बावजूद वो रात भर भी नहीं जी सकी। अब घर में सिर्फ बाप और बेटा बचे थे, लेकिन साल २०२४ की मार्च में एक और अनहोनी हुई। विशाल के पिता और पेशे से फोटोग्राफर मुकेश सिंघल की सड़क हादसे में मौत हो गई। गढ़ गंगा से लौटते वक्त उनका एक्सीडेंट हुआ और परिवार तीसरी बार मातम में डूब गया। इन तीनों मौतों को अब तक नियति माना जा रहा था, लेकिन असली खेल तब खुला जब विशाल ने अपने पिता की मौत के बाद बीमा क्लेम किया। वो क्लेम पूरे ३९ करोड़ रुपए का था। ये रकम किसी एक पॉलिसी से नहीं बल्कि ६० अलग-अलग बीमा पॉलिसियों के जरिए क्लेम की गई थी। पुलिस ने विशाल और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की चौथी पत्नी ने किया खुलासा
बीमा कंपनियों के अधिकारी ये सुनकर चौंक गए। उन्होंने पाया कि विशाल और उसके पिता हर साल करीब ३० लाख रुपए प्रीमियम के तौर पर चुका रहे थे। सवाल यही उठा कि आखिर इतनी भारी-भरकम पॉलिसियां क्यों ली गईं? बीमा कंपनियां जांच में जुटीं, तभी पुलिस के पास एक और सनसनीखेज शिकायत पहुंची। शिकायतकर्ता खुद को विशाल की चौथी पत्नी बताने वाली महिला थी। उसने दावा किया कि विशाल ने उसके नाम पर भी ३ करोड़ का बीमा करवा रखा है। उसने बताया कि विशाल ने अब जिसके नाम पर भी बीमा पॉलिसी ली है, वो सब के सब रहस्यमय मौत के शिकार हो चुके हैं। उसको भी डर है।

अन्य समाचार