अमेरिका के डलास में एक २७ वर्षीय भारतीय डेंटल सर्जन की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चंद्रशेखर पोल हैदराबाद में डेंटल सर्जरी में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद २०२३ में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए थे। उन्होंने छह महीने पहले अमेरिका में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की थी और पेट्रोल पंप पर अंशकालिक काम करते हुए पूर्णकालिक नौकरी की तलाश में थे। छात्र के परिवार ने अपने बेटे का शव अमेरिका से वापस लाने के लिए सरकार से मदद मांगी है। बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी हरीश राव आज हैदराबाद में छात्र के घर गए और उसके परिवार से मिले। उन्होंने इसे एक `दुखद’ घटना बताते हुए सरकार से चंद्रशेखर पोल के शव को उसके गृहनगर वापस लाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
