मुख्यपृष्ठनए समाचारअब खुलेगी मनपा की आंख... गड्ढों की तस्वीरें जाएंगी गिनीज बुक ऑफ...

अब खुलेगी मनपा की आंख… गड्ढों की तस्वीरें जाएंगी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में!

-पूर्व नगरसेवक ने किया अनोखी प्रतियोगिता का आयोजन

सामना संवाददाता / मुंबई

कल्याण-पूर्व की गड्ढों से भरी सड़कों की मरम्मत के लिए विगत एक महीने से मनपा आयुक्त एवं लोकनिर्माण विभाग से संपर्क करने के बावजूद स्थिति जस की तस है। इससे नाराज पूर्व नगरसेवक महेश गायकवाड ने कल्याण-पूर्व की गड्ढों वाली सड़कों के लिए गड्ढा प्रतियोगिता आयोजित की है। महेश गायकवाड ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों की क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की तस्वीरें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और ऑस्कर को भेजी जाएंगी, ताकि मनपा की बंद आंखें खुलें।
पिछले एक महीने से कर रहे शिकायत
कल्याण-पश्चिम से अधिकांश वाहन कल्याण-पूर्व में आते हैं। पिछले एक महीने से पूर्व नगरसेवक महेश गायकवाड ने कल्याण-पूर्व में जल्द से जल्द गड्ढों को भरने के लिए आयुक्त अभिनव गोयल और मनपा के कार्यकारी अभियंता जगदीश कोरे के साथ पत्र व्यवहार किया था। इतना ही नहीं, उन्होंने इन गड्ढों की स्थिति दिखाने के लिए आयुक्त गोयल को कल्याण-पूर्व के विभिन्न हिस्सों में लेकर गए। आयुक्त ने मौका मुआयना करने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़कों को दूरूस्त करने का निर्देश दिया था। हालांकि, एक महीने बाद भी इन खस्ताहाल सड़कों को सुधारने के लिए मनपा कोई कदम नहीं उठा रही है। इससे नाराज महेश गायकवाड ने गड्ढों के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित करने का फैसला किया है।
दुनिया को दिखाएंगे कल्याण के गड्ढे
जो भी नागरिक कल्याण-पूर्व क्षेत्र की गड्ढों वाली सड़कों की वीडियो शूटिंग तीस सेकंड से एक मिनट के भीतर गायकवाड के संपर्क कार्यालय में लाएगा, उसे आकर्षक पुरस्कार और नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही एकत्र किए गए गड्ढों की वीडियो शूटिंग फुटेज और फोटो को विशेष परिवहन विभाग द्वारा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और ऑस्कर पुरस्कारों के लिए भेजा जाएगा, ताकि दुनिया देखे कि कल्याण-डोबिवली मनपा की प्रशासनिक व्यवस्था शहर के विकास के लिए कितनी ईमानदारी और तत्परता से काम कर रही है।

अन्य समाचार