सामना संवाददाता / पटना
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के अंदर भारी कलह मची हुई है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आरक्षण और अन्य मुद्दों पर बयान दिए हैं, जिससे बीजेपी और अन्य सहयोगियों के साथ मतभेद की अटकलें लग रही हैं। उधर, चिराग पासवान ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। यह खबर सुबह से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। इस खबर को बिहार की राजनीति में एनडीए गठबंधन के अंदर चल रहे तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बीच एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कहीं-न-कहीं मामला फंसा हुआ नजर आ रहा है। रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के अंदर भारी गहमागहमी रही।
बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सीट बंटवारे को जितना सहज बताया जा रहा था, उतना सहज दिख नहीं रहा है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का मोबाइल बंद मिलना इस समय चर्चा में है, क्योंकि रविवार को सुबह से एनडीए की सीट शेयरिंग को लेकर हर दल के अंदर गंभीर चर्चा चल रही थी। बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गठबंधन के बाकी दलों के नेताओं से मिल रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले राजग में सीट बंटवारे को लेकर रविवार को धर्मेंद्र प्रधान की सक्रियता सुर्खियों में है।
मांझी के बाद उपेंद्र कुशवाहा से मिले भाजपा नेता
बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़े भाई की भूमिका में साफ दिख रही है। सीट बंटवारे पर अहम पैâसला भाजपा की ओर से ही होना है। सभी दलों के बीच समन्वय में भी भाजपा की ही अहम भूमिका है इसलिए रविवार को धर्मेंद्र प्रधान ने जीतन राम मांझी से मुलाकात के बाद पूर्व केंद्र मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मिलने पहुंचे। प्रधान, तावड़े और सम्राट के अलावा इस मुलाकात में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा भी शामिल थे। इससे पहले ऋतुराज ने उपेंद्र कुशवाहा और पवन सिंह की मुलाकात में भी अहम भूमिका निभाई थी।
मांझी और पासवान में कुछ सीटों को लेकर टकराव
रविवार को सुबह भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बैठक हुई थी। इसमें सिर्फ पांच सीटों को लेकर थोड़ी बातचीत हुई थी और फिर शाम के लिए बात रह गई। इस बीच, बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आदि केंद्रीय मंत्री व हिंदुस्थानी आवाम मोर्चा-सेक्युलर के प्रमुख जीतन राम मांझी से मिलने पहुंचे। बैठक के बाद मांझी ने जल्द सीट बंटवारा फाइनल होने की बात कही। बताया जा रहा है कि जीतन राम मांझी और चिराग पासवान कुछ सीटों को लेकर टकरा रहे हैं।
