एजेंसी / इस्लामाबाद
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है। भारतीय सेना प्रमुख के पाकिस्तान को सोचना होगा कि उसे भूगोल में रहना है या नहीं, वाले बयान के बाद पाकिस्तानी सेना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शनिवार देर रात एक आधिकारिक बयान जारी कर पाकिस्तान ने कहा कि अगर अब युद्ध हुआ तो विनाशकारी तबाही होगी और पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा। इस बयानबाजी ने दक्षिण एशिया में शांति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि दोनों परमाणु संपन्न देश एक-दूसरे को सीधी चेतावनी दे रहे हैं।
यह पूरा मामला भारतीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी के हालिया बयानों के बाद शुरू हुआ। रक्षामंत्री ने कहा था कि भारत अपनी एकता के लिए किसी भी सीमा को पार कर सकता है।
बिना हिचकिचाहट के देंगे विनाशकारी जवाब
पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग आईएसपीआर ने अपने बयान में भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुश्मनी का नया दौर शुरू होता है तो पाकिस्तान पूरी दृढ़ता से जवाब देगा। बयान में कहा गया, जो लोग एक नया नॉर्मल स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि पाकिस्तान ने जवाब देने का एक नया सामान्य स्थापित कर दिया है, जो तेज, निर्णायक और विनाशकारी होगा। पाकिस्तानी सेना ने यह भी दावा किया कि उनके पास दुश्मन के इलाके के हर कोने तक लड़ाई ले जाने की क्षमता और संकल्प है। भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी की उस टिप्पणी पर, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को नक्शे पर बने रहने या न रहने की सोचने को कहा था, पाकिस्तान ने सबसे तीखा जवाब दिया है। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि जहां तक पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने की बातें हैं, भारत को पता होना चाहिए कि ऐसी स्थिति आती है तो मिटना दोनों तरफ से होगा।
