मुख्यपृष्ठनए समाचार`महायुति' की फुल प्लानिंग... दिवाली पर निकलेगा मुंबईकरों का दिवाला!

`महायुति’ की फुल प्लानिंग… दिवाली पर निकलेगा मुंबईकरों का दिवाला!

– बिजली दर में वृद्धि से ग्राहकों को लगेगा जोर का झटका

– ३५ से ९५ पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ेंगे बिल

सामना संवाददाता / मुंबई

हर रोज बढ़ती महंगाई वैसे ही आम सामन्य मुंबईकरों की कमर तोड़ रही है। अब इस कड़ी में बिजली दरों का एक और झटका मुंबईकरों को लगने जा रहा है। वह भी दिवाली के मौके पर। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने मुंबईकरों का दिवाला निकालने की फुल प्लानिंग कर ली है। दरअसल, महायुति सरकार ने दिवाली की पूर्व संध्या पर राज्य की जनता को बिजली दर की बढ़ोतरी का झटका दिया है। बिजली सप्लाई करने वाली महावितरण कंपनी ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का एलान कर उपभोक्ताओं को झटका दिया है।
बता दें कि १ अक्टूबर को महावितरण ने एक सर्कुलर जारी कर सितंबर में बिजली की खपत पर ईंधन समायोजन शुल्क लगाने का आदेश दिया था। महावितरण ने १ जुलाई से बिजली दरों में कमी का दावा करते हुए नई दरें लागू की थीं। लेकिन ईंधन समायोजन शुल्क अगस्त से ही लगना शुरू हो गया था और अब यह दर वृद्धि सितंबर के लिए भी लागू कर दी गई है। इसका असर सभी प्रकार के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। १ से १०० यूनिट की खपत पर ३५ पैसे प्रति यूनिट, १०१ से ३०० यूनिट तक ६५ पैसे,३०१ से ५०० यूनिट तक ८५ पैसे और ५०१ से अधिक की खपत पर ९५ पैसे प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। सूत्रों का कहना है कि आने वाले महीनों में यह दर वृद्धि जारी रहेगी। महावितरण का कहना है कि बिजली की बढ़ती मांग के कारण खुले बाजार से ऊंची दरों पर बिजली खरीदनी पड़ रही है। इस अतिरिक्त लागत की भरपाई अब र्इंधन समायोजन शुल्क लगाकर की जा रही है। उद्यमियों और व्यापारियों पर दोहरी मार बिजली की इस मूल्य वृद्धि की दोहरी मार उद्योगपतियों और व्यापारियों को झेलनी पड़ेगी।
महंगाई का `महाबम’
राज्य में महायुति सरकार भ्रष्टाचार में व्यस्त है उसे आम जनता की फिक्र नहीं है। मौजूदा समय में किसान बाढ़ आपदा से त्रस्त हैं। राज्य की जनता बाढ़ आपदा से अभी निकली भी नहीं कि उन्हें महंगाई की मार पड़ गई है। महावितरण ने दिवाली से ठीक पहले बिजली दरों में वृद्धि की घोषणा करके ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। अक्टूबर के बिल में प्रति यूनिट ३५ पैसे से ९५ पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है।
त्योहार पर बिगड़ेगा आम जनता का बजट
मिली जानकारी के अनुसार, अक्टूबर के बिल में ३५ से ९५ पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक सभी उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। अब त्योहारी खरीदारी के खर्च में बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ जुड़ गया है, जिसके कारण आम जनता का बजट गड़बड़ होने की संभावना जताई जा रही है।

अन्य समाचार