मुख्यपृष्ठखबरेंपेरिस फैशन मंच पर जान्हवी का रौबदार जलवा

पेरिस फैशन मंच पर जान्हवी का रौबदार जलवा

हिमांशु राज़

पेरिस फैशन सप्ताह में “मियू मियू” के बसंत/गर्मी 2026 प्रदर्शन के दौरान जान्हवी कपूर का रूप सबसे अलग नज़र आया। जब वे रैंप पर पहुंचीं, तो मानो हर नज़ारा उनके आसपास ठहर गया। उनका पहनावा सादगी में निखरी शालीनता और आधुनिकता का सुंदर संगम था।जान्हवी ने सफ़ेद कॉलरदार शर्ट के साथ चौखानेदार प्लीट स्कर्ट पहनी थी, जो उनके अंदाज़ को मोहक बना रही थी। उसके ऊपर उन्होंने हल्के भूरे रंग की नरम चमड़े की जैकेट धारण की थी, जिसने पूरे वस्त्र-समूह को निखार दिया। कमर पर बंधी पतली भूरे रंग की कमरबंध ने उनके साचे को और आकर्षक छवि दी। उनकी सज्जा भी उतनी ही सधी हुई थी — छोटे आकार का हाथ थैला, साधारण एड़ीदार जूते और आधे पिंडली तक के मोज़े, जिनसे उनका पूरा लुक संतुलित प्रतीत हो रहा था। आँखों पर काली पतली ऐनक और कानों में हीरे के कफ़ आभूषण उनके रूप को राजसी बना रहे थे। हाथ में उन्होंने “शोपार” ब्रांड की घड़ी धारण की थी, जो सादगी में भी वैभव झलकाती दिखाई दी।जान्हवी ने अपने बालों को पीछे की ओर सधे हुए जूड़े में समेटा था। उनका श्रृंगार हल्का और कोमल था — दमकती त्वचा, सधी हुई भौंहें और हल्के रंगों का सौंदर्य प्रसाधन, जो उनकी प्राकृतिक सुंदरता को और उभार रहा था।उस शाम पेरिस की फैशन शाम में जान्हवी कपूर ने यह सिद्ध कर दिया कि भारतीय सिनेमा की यह युवा कलाकार अब शैली और गरिमा, दोनों का वैश्विक परिचय बन चुकी हैं।

अन्य समाचार